-
Advertisement

हिमाचल के पर्यटन को लगे पंख, प्रदेश में इस वर्ष पहुंचे 1 करोड़, 27 लाख पर्यटक
शिमला। हिमाचल के पर्यटन क्षेत्र को पंख लग गए हैं। कोरोना काल में हिमाचल के पर्यटन ने जो कुछ झेला ,उसकी भरपाई होने लगी है। खास बात तो यह रही कि इस मर्तबा गर्मी बढ़ने से 15 दिन पहले ही पर्यटन सीजन शुरू हो गया था। जिसकी वजह से मैदानी इलाकों से पर्यटकों ने सुकून की तलाश में पहाडों का रुख़ किया। हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर माह तक 1 करोड़, 27 लाख लाख पर्यटक पहुंच चुके है। साथ ही दिसंबर माह तक इस आंकड़े के डेढ़ करोड़ को पार करने की उम्मीद की जा रही है, हालांकि इनमें विदेशी पर्यटकों की तादाद अभी भी कम ही है। कोविड के दौरान 2020 में 32 लाख व 2021 में साल भर 55 लाख पर्यटकों ने ही हिमाचल प्रदेश का रुख़ किया था।
यह भी पढ़ें:जी-20 में पीएम मोदी ने जो बाइडन को भेंट की कांगड़ा की मिनिएचर पेंटिंग

हिमाचल पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक अमित कश्यप ने बताया कि कोविड से पहले 2019 में साल भर में 1 करोड़ 72 लाख 12 हज़ार 107 पर्यटक पहुंचे थे। इनके मुकाबले चालू वर्ष में अक्टूबर माह तक 1 करोड़, 27 लाख पर्यटक पहुंच चुके है। हालांकि विदेशी पर्यटकों की संख्या में अभी भी गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पर्यटकों की आमद बढ़ने से हिमाचल पर्यटन नियम की भी खासी कमाई हो रही है व निगम कोरोना के घाटे से उभर रहा है। हिमाचल में गुजरात, राजस्थान, साउथ इंडिया आदि राज्यों के कम पर्यटक आते हैं जिनको आकर्षित करने के लिए पर्यटन निगम ने इन राज्यों में विज्ञापन को माध्यम बनाया है। ताकि इन राज्यों के पर्यटक भी हिमाचल की खूबसूरती को निहार सकें।

अमित कश्यप ने बताया कि रोहतांग टनल बनने के बाद से लाहुल स्पीति में पर्यटकों की तादाद में बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के पर्यटक स्थलों में सर्दी के बावजूद पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है। वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या ओर ज्यादा बढ़ रही है। पर्यटकों का कहना है कि शिमला का मौसम ठंडा है और पर्यावरण बिल्कुल साफ है। जबकि निचले क्षेत्रों में प्रदूषण की समस्या है। ऐसे में हिमाचल के पर्यटन स्थलों में घुमने अपना अलग आनंद है।