-
Advertisement
भरमौर से 1166 मणिमहेश श्रद्धालु पहुंचे चंबा, कुल्लू में मलबे से तीन शव मिले
Himachal Disaster: हिमाचल में मौसम के मिजाज अभी भी बिगड़े हैं। हालांकि बारिश का दौर थमा है पर दिक्कतें कम नहीं हो रही है। पहाड़ भरभराकर गिर रहे हैं, सड़कें अभी भी अवरूद्ध है। भरमौर क्षेत्र से फंसे हुए 1166 मणिमहेश यात्रियों को सुरक्षित निकालकर चंबा पहुंचाया गया। सभी श्रद्धालुओं को एचआरटीसी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य तक निःशुल्क भेजा गया।आज वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर की 12 उड़ानों के जरिए 524 यात्रियों को भरमौर से एयरलिफ्ट किया गया। तीन शवों को भी भरमौर से चंबा लाया गया। पिछले कल भी 7 उड़ानों के माध्यम से 35 यात्रियों को भरमौर से निःशुल्क एयरलिफ्ट किया गया था।
इसी दौरान, चंबा जिला प्रशासन ने 607 श्रद्धालुओं को भरमौर से चंबा तक सड़क मार्ग से सुरक्षित पहुंचाया। क्षतिग्रस्त सड़कों पर यात्रियों को पैदल चलना पड़ा, वहां उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए गए। रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। चंबा पहुंचने के बाद इन श्रद्धालुओं को देर रात एचआरटीसी की 13 बसों के माध्यम से नूरपुर और पठानकोट भेजा गया।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस बचाव अभियान की लगातार निगरानी करते रहे और निरंतर जानकारी लेते रहे। वहीं, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी स्वयं भरमौर में निरंतर पूरे अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।
कुल्लू में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस बल, होमगार्ड, जिला प्रशासन चंबा, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, एनजीओ और स्वयंसेवियों के राहत व बचाव कार्य में किए गए अथक प्रयासों की सराहना की है।
भरमौर में अभी भी लगभग 400 श्रद्धालु फंसे
राजस्व मंत्री जगत नेगी ने कहा कि भरमौर में अभी भी लगभग 400 श्रद्धालु फंसे हुए हैं। जो लोग आज पैदल आ रहे थे, उन्हें भी वापस बुला दिया गया है। सरकार सभी को हेलिकॉप्टर से चंबा लाएगी। इस बीच सीएम सुक्खू शिमला से आपदाग्रस्त जिला कुल्लू के लिए रवाना हो गए हैं। वह राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेंगे।
वहीं, कुल्लू में लैंडस्लाइड के बाद 2 मकान गिरने से दबे 6 लोगों में से तीन लोगों को शव आज बरामद किए गए हैं। अभी भी यहां पर लोग दबे हुए हैं। सीएम व नेता प्रतिपक्ष ने मौके का दौरा किया।
सड़क पर आ गया पहाड़
शिमला के रामपुर में आज सुबह तड़के एनएच-5 पर ज्यूरी के साथ पूरा पहाड़ सड़क पर आ गया। इससे हाईवे सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद हो गया। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन भी मंडी के औट में बंद पड़ा है।
चंबा के चुराह उपमंडल के कल्हेल-बंजली-रेल्ला सड़क भी मूसलाधार बारिश की भेंट चढ़ चुकी है। गांवों में मरीजों को ग्रामीण पीठ पर उठाकर जिला मुख्यालय चंबा पहुंचाने के लिए 12 से 15 किलोमीटर का सफर तय करने को विवश हैं।#chamba #women #sick #Patient pic.twitter.com/3zJUCgMAKo
— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) September 5, 2025
प्रदेश में आज कई स्थानों पर तेज बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने पांच जिले कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अन्य भागों में हल्की बूंदाबांदी या हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।
संजू चौधरी
