-
Advertisement
Punjab: पुलिस ASI ने की 24-वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी की गोली मार कर हत्या, हुआ गिरफ्तार
कपूरथला। पूरे देश में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच पंजाब के कपूरथला (Kapurthala) से एक दिल दहला देने लाई खबर सामने आई है। यहां पर गुरुवार रात 24-वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी अरविंदरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में एक एएसआई (ASI) और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी कपूरथला सतिंदर सिंह ने कहा, ‘एएसआई के गांव के पास खड़ी कार को लेकर दोनों गुटों में विवाद हो गया था।’ वहीं, गोली लगने से अरविंदरजीत का एक दोस्त घायल है।
एएसआई की गोली से घायल हुए प्रदीप ने बताया, जब हमारी गाड़ी बड़े लक्खण के पड्डे के पास गांव की तरफ मुड़ी तो थोड़ा आगे सड़क के किनारे ग्राउंड में एक कार खड़ी थी। इस कार के पिछले शीशे पर कपड़े के पर्दे लगे हुए थे। हमने इस कार को संदिग्ध समझते हुए अपनी गाड़ी उस कार के पास जाकर खड़ी की तो उन्होंने कार को गांव की तरफ भगा ली तो हमने उस गाड़ी का पीछा करते हुए उस कार को गांव की फिरनी के पास रोक लिया। प्रदीप ने आगे बताया कि मैं और मेरा दोस्त अरविंदर जीत गाडी़ से नीचे उतर कर उक्त कार को चैक करना चाहा तो कार में से पुलिस मुलाजिम परमजीत सिंह पुत्र विरसा सिंह निवासी बामूवाल निकला। उसके हाथ में रिवाल्वर थी।
उक्त पुलिस मुलाजिम ने बिना कोई बात किए अरविंदरजीत सिंह और उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। उक्त मुलाजिम की तरफ से चलाई गोलियां अरविंदर जीत सिंह ऊर्फ पड्डा पहलवान की छाती में और उसके कंधे और फेफड़ों में लगी। हम बाकी लोगों ने गाड़ी के पीछे छिपकर किसी तरह जान बचाई। इसके बाद हम अरविंदर को सुभानपुर के अस्पताल में लेकर गए पर अस्पताल वालों ने उसे दाखिल नहीं किया। इसके बाद वह जालंधर के एक निजी अस्पताल में पहुंचे तो अरविंदरजीत सिंह को मृत करार दे दिया। थाना सुभानपुर की पुलिस ने परमजीत सिंह पुत्र विरसा सिंह और मंगू पुत्र जसविंदर सिंह के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज कर लिया है।
