- Advertisement -
कुल्लू। 3000 महिलाओं ने एक साथ कुल्लवी नाटी (Kullavi Nati) डालकर सबका दिल जीत लिया। कार्यक्रम था नौवें राष्ट्रीय शरदोत्सव (National Autumn Festival) का। सोमवार को मनाली (Manali) के मालरोड पर सैकड़ों महिलाओं ने कुल्लवी नाटी डाली। राइट बैंक की करीब 3000 महिलाओं ने महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया। लाल धाठू और काले पट्टू के साथ महिलाओं ने करीब एक घंटा नाटी डाली। इसे देखने के लिए मालरोड (Mall Road) में हजारों सैलानी उमड़ पड़े। कई पर्यटक पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करतीं महिलाओं का वीडियो (Video) भी बनाते नजर आए।
पूरा माल रोड खचाखच भरा हुआ था। लोगों ने होटल, दुकानों और अन्य भवनों की छतों पर चढ़कर नाटी का लुत्फ उठाया। 75 महिला मंडलों की महिलाओं ने सामूहिक नाटी से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिलाओं ने धाठू और पट्टू के साथ थिपू] चंद्रहार] चांपकली, चांदी की चूड़ियां, पायल, कंगन और हाथ में रुमाल लेकर ढोल-नगाड़ों और करनाल की स्वरलहरियों के बीच नृत्य किया। स्थानीय लोक कलाकारों ने भी पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियां देकर खूब समा बांधा।
वाम तट की महिला मंडलों की नाटी अब पांच जनवरी को होगी। दो साल बाद हुए इस आयोजन के लिए महिलाओं के चेहरे पर खुशी थी। नाटी को बेहतर आंकने के लिए निर्णायक मंडल का भी गठन किया गया है। विंटर कार्निवाल (Winter Carnival) में दोनों तटों में से किसी एक टीम को प्रथम और द्वितीय स्थान के लिए चुना जाएगा। कार्निवाल कमेटी के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम मनाली सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि नाटी में विजेता को दो लाख और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को एक लाख रुपए इनाम दिया जाएगा।
- Advertisement -