-
Advertisement
Weather: बारिश-बर्फबारी का कोटा 50% पूरा, अब हफ्ते भर साफ रहेगा मौसम
लेखराज धरटा/शिमला। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर अब काफी कम हो गया है। लेकिन पहाड़ों पर भारी बर्फबारी (Heavy Snowfall) से मौसम बेहद ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब 10 डिग्री की गिरावट (Maximum Temperature Dropped by 10 Degree) आई है। राज्य में बारिश और बर्फबारी का कोटा 50 प्रतिशत पूरा हो गया है। अब अगले एक हफ्ते तक मौसम साफ बना रहने की संभावना है।
किन्नौर के सांगला में 8 सेंटीमीटर और लाहुल स्पीति में 15 सेंटीमीटर के करीब बर्फबारी हुई है। शिमला के खदराला और चिड़गांव में 1 फुट के आसपास बर्फबारी हुई। रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन (Coldest Day) रहा है। रविवार को शिमला में अधिकतम तापमान 5 डिग्री, मनाली में 0 पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान कांगड़ा में 14 डिग्री दर्ज हुआ। शिमला मौसम कार्यालय (IMD Shimla) के अनुसार, मंगलवार 6 फरवरी से 11 फरवरी तक हिमाचल प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा। मौसम साफ होने की वजह से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
यह भी पढ़े:IRCTC Tour Package: शिमला-कुल्लू, मनाली घूमने के लिए ये रहा स्पेशल पैकेज, सुविधाएं भी साथ
मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने ड्राई स्पेल को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में दो वाइड स्प्रेड हुए हैं। 30 जनवरी से हिमाचल प्रदेश में काफी बर्फबारी और बारिश दर्ज की गई है। 30 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश में बारिश सामान्य से 100% कम थी, लेकिन फरवरी में पहले हफ्ते में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता ने बर्फबारी और बारिश का कोटा 50% तक कम कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में ड्राई स्पेल (Dry Spell) खत्म हो चुका है।