-
Advertisement
सिरमौर हादसाः एक साथ जलीं 8 चिताएं, बली राम ने खोए दोनों लाल
शिलाई। हिमाचल (Himachal) के जिला सिरमौर के उपमंडल शिलाई (Subdivision Shillai) में हुए सड़क हादसे के 8 मृतकों का मंगलवार को एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। नेड़ा खड्ड के चिखाड़ श्मशानघाट में सभी मृतक युवकों की चिताएं जलने से हर आंख नम थी तो कईयों के परिजनों और रिश्तेदारों से आंसू थमने के नाम नहीं ले रहे थे। इस दौरान लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दुर्घटना में बलीराम एक ऐसा पिता थे, जिन्होंने अपने दोनों चिरागों की अर्थी को कंधा दिया। यह हादसा क्षेत्र के लोगों को गहरे जख्म दे गया है, जिसे जीते जी कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल में बड़ा हादसा-खाई में गिरी बारातियों से भरी गाड़ी, 10 की गई जान
11 पहुंची मृतकों की संख्या
इस हादसे के मृतकों का आंकड़ा 11 पहुंच गया है। 21 साल के अक्षय को पीजीआई चंडीगढ़ (PGI Chandigarh) रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अब मात्र एक घायल व्यक्ति 57 वर्षीय कमना राम ही पीजीआई में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है। बता दें कि टिंबी के समीप मिल्लाह सड़क पर हुए इस हादसे में नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, एक युवक ने पांवटा साहिब अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। 11वां युवक पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी की जंग हार गया। हादसे को लेकर डीसी सिरमौर आरके गौतम ने शिलाई उपमंडलाधिकारी सुरेश कुमार सिंघा को मजिस्ट्रियल जांच (Magisterial Inquiry) के आदेश दिए हैं। कमेटी एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगें। इस कमेटी में अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग शिलाई प्रमोद उपरेती, सहायक अभियंता यांत्रिक लोक निर्माण विभाग उपमंडल नाहन कमल शर्मा, थाना प्रभारी शिलाई एमआर ठाकुर, तहसीलदार शिलाई निशा आजाद, खंड चिकित्सा अधिकारी शिलाई अभय राणा सदस्य होंगे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

