-
Advertisement
मेडिकल कॉलेज नेरचौक में इस दिन से शुरू होंगी सभी OPD, सभी के लिए खुले अस्पताल के दरवाजे
मंडी। हिमाचल के मंडी जिला का सबसे बड़ा लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नेरचौक (Medical College and Hospital Nerchowk) सोमवार से सभी के लिए खुल जाएगा। इस अस्पताल के दरवाजे सवा दस माह के बाद सोमवार 22 फरवरी, 2021 से सभी के लिए खोल दिए जाएंगे। कोरोना (Corona) महामारी का प्रकोप बढ़ने के चलते राज्य सरकार ने 4 अप्रैल, 2020 को इस कॉलेज को डेडिकेटिस कोविड अस्पताल के रूप में कन्वर्ट कर दिया था जिसके बाद यहां सिर्फ कोरोना से संक्रमित मरीजों का ही उपचार हो रहा था। 500 बिस्तरों वाला यह अस्पताल आम लोगों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें: नेरचौक मेडिकल कॉलेज हुआ कोरोना फ्री, पहली बार कोई भी मरीज भर्ती नहीं
अब राज्य सरकार ने इसे डेडिकेटिड कोविड अस्पताल (Dedicated Covid Hospital) से हटाकर सामान्य रूप से सभी के लिए संचालित करने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। अस्पताल के दोबारा संचालन को लेकर बुधवार को मेडिकल कालेज परिसर में एक बैठक का आयोजन भी किया गया, जिसमें सोमवार से अस्पताल को दोबारा से शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसकी जानकारी एमएस डॉ. जीवानंद चौहान ने दी है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों तक पूरे अस्पताल को सैनेटाईज किया जाएगा और उसके बाद सोमवार से सभी ओपीडी (OPD) नियमित रूप से शुरू कर दी जाएंगी।
सभी को करना होगा कोविड नियमों का पालन
मेडिकल कालेज नेरचौक में आने वाले सभी मरीजों और उनके तीमारदारों को कोविड के नियमों का पालन करना होगा। अस्पताल में जाने से पहले हाथ सैनेटाइज करने होंगे और मुहं पर मास्क लगाकर रखना होगा। वहीं दो गज की दूरी भी बनाए रखनी होगी। इसके लिए कॉलेज प्रबंधन की तरफ से भी पूरी व्यवस्था की जाएगी।
अब बीबीएमबी अस्पताल सुंदरनगर बना कोविड अस्पताल
राज्य सरकार ने सुंदरनगर स्थित बीबीएमबी के अस्पताल (BBMB Hospital) को डेडिकेटिड कोविड अस्पताल के रूप में परिवर्तित कर दिया है। अब जिला में कोरोना से संक्रमित व्यक्ति को यदि उपचार की जरूरत होगी तो उसे बीबीएमबी सुंदरनगर के अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


