-
Advertisement
मैडम चंद्रेश के दरवाजे कांग्रेस की टीम, धर्मशाला नगर निगम के लिए माथापच्ची
Last Updated on March 18, 2021 by Sintu Kumar
धर्मशाला। कभी धर्मशाला का प्रतिनिधित्व करने वाली मैडम चंद्रेश कुमारी (Chandresh Kumari) आज सक्रिय राजनीति से दूर दिखती हैं।लेकिन उनका तजुर्बा आज भी कांग्रेस के लिए मायने रखता है। चंद्रेश कुमारी इन दिनों धर्मशाला में ही हैं। इस नाते आज कांग्रेसी उनसे नगर निगम चुनाव के लिए सलाह-मशविरा करने उनके घर पहुंचे थे। कांग्रेस की इस टीम को पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) लीड कर रहे थे। उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन, पूर्व मंत्री चंद्र कुमार, कुलदीप पठानिया भी मौजूद थे। नगर निगम धर्मशाला के होने जा रहे चुनाव के लिए टिकट आबंटन से पहले हुई ये मुलाकात राजनीतिक रही।
यह भी पढ़ें: नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस 21 को करेगी प्रत्याशियों का ऐलान
सुक्खू को कांग्रेस पार्टी ने धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए पर्यवेक्षक तैनात किया हुआ है। इस नाते इन दिनों वह धर्मशाला आ रहे हैं। इस मर्तबा नगर निगम के चुनाव (Municipal Corporation Elections) पार्टी चुनाव चिन्ह पर होने हैं, इसके चलते माथापच्ची ज्यादा है। खैर टिकट आबंटन से पहले चंद्रेश कुमारी ने उनसे मिलने पहुंचे कांग्रेसियों को अपने तजुर्बे से वाकिफ करवाया ही होगा। धर्मशाला (Dharamshala) कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है, कांग्रेस शासनकाल में यहां का उस वक्त प्रतिनिधित्व करने वाले (Sudhir Sharma) सुधीर शर्मा ने ही यहां नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा दिलवाने में अहम भूमिका निभाई व पहली ही बार में यहां कांग्रेस (Congress) काबिज करवाने में भी सफलता हासिल की थी। अबकी मर्तबा पार्टी चिन्ह (Party Symbol) पर चुनाव हैं, राजनीतिक करवट कैसे बैठती है, देखना होगा। बीजेपी (BJP) ने अपनी पूरी टीम को धर्मशाला में झोंक रखा है। मुकाबला, धीरे-धीरे प्रत्याशियों के चयन के साथ ही दिखने लगेगा।