-
Advertisement
मुकेश बोले: डिपो संचालकों को मिलेंगे 20 हजार प्रतिमाह, खत्म होगा कमीशन का खेल
हमीरपुर। हिमाचल में सरकार बदलेगी और प्रगतिशील हिमाचल की रैलियों का खर्च बीजेपी (BJP) से वसूल किया जाएगा। हिमाचल में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर मनरेगा मजदूरों को भी इन रैलियों में पहुंचाया जा रहा है। हर सरकारी संसाधन का दुरुपयोग किया जा रहा है और जल्द ही इस विषय पर राज्यपाल को पत्र लिखकर उनसे मुलाकात की जाएगी। यह बात सोमवार को नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) ने हमीरपुर (Hamirpur) में प्रदेश डिपो संचालक समिति के राज्य स्तरीय सम्मेलन में कही।

इस दौरान उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार के द्वारा प्रगतिशील हिमाचल के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश भर में 75 रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। सरकार की इन रैलियों पर सवाल उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में सरकार के खजाने की लूट ऐसी कभी भी देखने को नहीं मिली है। यह सरकारी नहीं बल्कि राजनीतिक है जिनका खर्च बीजेपी से चार्ज किया जाना चाहिए। हालात ऐसे हैं कि धाम से लेकर भीड़ तक सरकारी है। मनरेगा की लेबर, सरकारी शिक्षक, आशा वर्कर, विभिन्न कर्मचारी भीड़ के रूप में रैलियों में जुटाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: एनपीएस कर्मियों संग धरने पर बैठे डॉ राजेश, कहा-सरकार बनते ही बहाल करेंगे ओपीएस
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सत्ता में आने के बाद प्रदेश के राशन डिपो संचालकों (Ration Depot Operators) के लिए भी स्थाई नीति बनाई जाएगी। कांग्रेस की सरकार बनते ही राशन डिपो धारकों को प्रतिमाह 20 हजार रुपए देने की व्यवस्था की जाएगी। ताकि डिपो संचालक, डिपो सहायक और दुकान का किराये समेत अन्य खर्चों की पूर्ति हो पाए। यही नहीं अन्य सहकारी सभाओं के तहत चल रहे राशन डिपुओं को भी निजी डिपुओं की तर्ज पर तमाम लाभ दिए जाएंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने डिपो धारकों को तीन फीसदी कमीशन दिए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि कमीशन तो केवल दलालों को मिलती है, इसलिए कमीशन (Commission) का यह खेल खत्म कर स्थायी नीति बननी चाहिए।

जयराम ठाकुर ने कार्यालय में बैठकर किया हैं सर्वे
सीएम जयराम के चार सर्वे में बीजेपी सरकार आने के दावे पर उन्होंने कहा कि लगता है कि सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने यह सर्वे अपने कार्यालय में बैठकर किए हैं। उन्होंने अपने कार्यालय में यह सर्वे बनाए हैं तभी उनके हक में आए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस से सत्ता में आने वाली है और इसको लेकर सीएम जयराम ठाकुर को मानसिक रूप से तैयार हो जाना चाहिए।
सरकार बनने पर कांग्रेस देगी 5 लाख युवाओं को रोज़गार: इंद्रदत्त लखनपाल
वहीं बड़सर के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है। इसके लिए सरकारी विभागों में खाली प़ड़े पदों को भरने के साथ ही निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने हिमाचल प्रदेश को बेरोजगारी दर में देश में पहले 5 राज्यों में शामिल कर दिया है। उन्होंने सरकार बनने पर 5 लाख युवाओं को रोज़गार और प्रत्येक विधानसभा के लिए 10 करोड़ का स्टार्ट.अप फंड की गारंटी पर विस्तार से बताया।
यह भी पढ़ें: पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले के अपराधियों को बचाने की फिराक में सीएम: विक्रमादित्य

कमलेश कुमार ने थामा कांग्रेस का दामन
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के बगेहड़ा के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) कमलेश कुमार ने बीजेपी छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कमलेश कुमार ने कहा कि बीजेपी की तानाशाही में उनका दम घुट रहा था। बीजेपी में अब कार्यकर्ताओं की कोई कदर नहीं है। जबकि सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ना केवल कार्यकर्ताओं के असली कदरदान हैं, बल्कि जनता के सुख.दुख में हरदम साथ खड़े होने वाले नेता हैं। जिनको सुजानपुर की अधिकांश जनता दिल से नेता मानती है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


