-
Advertisement
हिमाचल में IAS का टोटा; होने चाहिए 153, लेकिन काम चल रहा है 95 से
शिमला। हिमाचल प्रदेश में IAS अधिकारियों पर काम का भारी दबाव है और इसका असर सरकार के कामकाज पर नजर आता है। राज्य में IAS अधिकारियों के पदों की कुल संख्या 153 है, लेकिन सुक्खू सरकार 95 अफसरों से ही काम चला रही है। यही कारण है कि फिलहाल कई आला IAS अधिकारियों को एक साथ कई महकमे की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है।
हिमाचल कैडर में 114 ही अधिकारी हैं। इनमें भी 10 बड़े अधिकारी प्रतिनियुक्ति (Deputation) पर केंद्र और अन्य राज्यों में सेवाएं दे रहे हैं। इस तरह 104 अधिकारी ही हिमाचल में काम के लिए बचे हैं। एक अधिकारी स्टडी लीव पर हैं, जबकि तीन अन्य IAS भी लंबे अवकाश पर हैं। वहीं 2021 और 2022 बैच के पांच IAS अधिकारी अभी अंडर ट्रेनिंग हैं। इस तरह करीब 95 अधिकारियों से ही सरकार काम चला रही है।
यह भी पढ़े:8 IAS अफसरों को अतिरिक्त कार्यभार, रामसुभग सिंह बने सीएम के प्रधान सलाहकार
सालाना दो ने तीन IAS ही मिल रहे हैं
नियमानुसार IAS की मौजूदा स्ट्रेंथ में से 66.3 फीसदी पद सीधी भर्ती से, जबकि हिमाचल प्रशासनिक सेवाओं (HAS) के अधिकारियों की कुल प्रशासनिक पदों में से 33.3 फीसदी पर पदोन्नति की जाती है। मगर हिमाचल को सीधी भर्ती से दो से तीन IAS अधिकारी मिल रहे हैं। साल 2022 में भी हिमाचल को दो ही IAS अधिकारी मिले थे, जबकि इससे पहले 3 IAS अधिकारी सीधी भर्ती से हिमाचल में आए थे।
हिमाचल के 10 बड़े अधिकारी राज्य से बाहर सेवाएं दे रहे हैं। इसमें सीनियर लेवल के IAS अधिकारी हैं। हिमाचल में वरिष्ठता में पहले 10 अधिकारियों में से चार IAS हिमाचल से बाहर हैं। इनमें वरिष्ठता में दूसरे स्थान पर अली रजा रिजवी भी बाहर हैं। वरिष्ठता में चौथे स्थान पर केके संजय मूर्ति केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। इसी तरह वरिष्ठता में छठे स्थान पर केके पंत और सातवें नंबर की अनुराधा ठाकुर भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। इनके अलावा छह अन्य अफसर भी प्रतिनियुक्ति पर बाहर सेवाएं दे रहे हैं।
तीन अधिकारियों ने पकड़ी प्रतिनियुक्ति की राह
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में जाने वाले 10 अधिकारियों में से 3 अधिकारी मौजूदा सुखविंदर सरकार के समय में ही बाहर गए हैं। इसमें प्रधान सचिव स्तर के अधिकारी रजनीश, सुभाशीष पांडा के अलावा देबश्वेता बनिक शामिल हैं। हालांकि एक सचिव रैंक के डा. अमनदीप गर्ग हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस प्रदेश में लौटे हैं।
3 अफसर इसी साल होंगे रिटायर
प्रदेश में 31 जुलाई को IAS रामसुभग सिंह (Ramsubhag Singh) और अमिताभ अवस्थी रिटायर हो गए। हालांकि सरकार ने दोनों को सेवा विस्तार दिया है। इनके अलावा इस साल तीन और अधिकारी रिटायर हो रहे हैं। इसमें वित्त सचिव अक्षय सूद अगस्त में और ऊर्जा सचिव राजीव शर्मा की अक्टूबर में रिटायर होंगे। इसी तरह पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक अमित कश्यप दिसंबर में रिटायर हो जाएंगे।


