-
Advertisement
50 पैसे प्रति किलो बढ़ा सी-ग्रेड सेब का खरीद मूल्य, मिलेंगे 11 रुपये
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत सी-ग्रेड सेब और आम की खरीद दरों में 50 पैसे की बढ़ोतरी की है। इस साल सी-ग्रेड सेब की खरीद अब 10.50 रुपये प्रति किलो की जगह 11 रुपये प्रति किलो की दर से होगी। मंगलवार को सचिवालय में प्रेस वार्ता के दौरान बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण सरकार को करीब 8000 करोड़ का नुकसान होने के बाद भी बागवानों (Apple Growers) को राहत पहुंचाने के लिए एमआईएस (MIS) के तहत सेब खरीद की दरों में 50 पैसे प्रति किलो बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका से अब भारी मात्रा में वॉशिंगटन सेब (Washington Apple) का आयात होगा, जिससे बागवानों को नुकसान होगा। केंद्र सरकार द्वारा एमआईएस के बजट में भारी कटौती को जगत नेगी ने किसानों-बागवानों के साथ धोखा करार दिया। उन्होंने कहा कि एमआईएस को खत्म करने के लिए ही नाममात्र के बजट का प्रावधान किया गया है।
यह भी पढ़े:हिमाचल की तबाही देखकर गडकरी रह गए दंग, 400 करोड़ देने का ऐलान
आढ़तियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
बागवानी मंत्री ने कहा कि इस बार किलो के हिसाब से सेब को बेचा जा रहा है। लेकिन प्रति पेटी 2 किलो की कटौती जो आढ़ती कर रहे हैं, वह गलत है। प्रति पेटी 2 किलो की काट करने वाले आढ़तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर सरकार ने पहले भी आदेश जारी कर दिए हैं।


