-
Advertisement
आपदा प्रभावित समेज और बागी पुल क्षेत्रों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा
Special Relief Package: शिमला जिले के रामपुर में चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए आज सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पिछले वर्ष प्राकृतिक आपदा के दौरान दिए गए राहत पैकेज की तर्ज पर इस वर्ष बरसात के मौसम में रामपुर क्षेत्र के आपदा प्रभावित समेज और बागी पुल क्षेत्रों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की।सीएम ने कहा कि आपदा में जिन परिवारों ने अपना पूरा घर खो दिया है, उन्हें पहले दी जाने वाली 1.5 लाख रुपये की राशि के बजाय 7 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे, जबकि आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों को 1 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। इन और अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लापता हुए व्यक्तियों के परिवारों को राज्य सरकार की ओर से मृत्यु प्रमाण पत्र और वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह एक आम परिवार से संबंध रखते हैं इसलिए आम लोगों के संघर्षों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साल 23,000 प्रभावित परिवारों का पुनर्वास किया और केंद्र सरकार से किसी भी तरह की मदद के बिना 4,500 करोड़ रुपये का विशेष आर्थिक पैकेज दिया।

धन की बर्बादी के लिए पूर्व बीजेपी सरकार की आलोचना
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जनता के धन की बर्बादी के लिए पूर्व बीजेपी सरकार की आलोचना की और कहा कि वर्तमान राज्य सरकार अनेक वित्तीय खामियों को दूर कर रही है। प्रदेश सरकार अनाथ बच्चों, विधवाओं और अन्य कमजोर समूहों के लिए कल्याणकारी योजनाओं के तहत धन का समुचित प्रावधान सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी बजट में आम जनता के लिए और अधिक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि जरूरतमंद परिवारों को सब्सिडी का लाभ बरकरार रखा जाएगा, जबकि संपन्न परिवारों को स्वेच्छा से ऐसे लाभों को छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्रदान करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन शिक्षकों और सुविधाओं के बिना, यह जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात होगा। इसका समाधान करने के लिए बैच आधार पर 3,000 शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है जबकि अन्य 3,000 नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही हैं। स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को रेफर करने की संख्या कम करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की जा रही है, ताकि पर्याप्त डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध हो।

प्रदर्शनियों के विजेताओं को पुरस्कार
सीएम ने अंतरारष्ट्रीय लवी मेला रामपुर के अवसर पर विभागों एवं अन्य एजेंसियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। विभागीय प्रदर्शनी में जल शक्ति विभाग प्रथम रहा तथा उसे 5100 रुपये व स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए, जबकि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग दूसरे तथा पशुपालन विभाग तीसरे स्थान पर रहा तथा उसे क्रमशः 3100 रुपये व 2100 रुपये प्रदान किए गए।हस्तशिल्प प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार सोलन जिला की मंजू, द्वितीय पुरस्कार किन्नौर जिला के सुदर्शन सिंह तथा तृतीय पुरस्कार ऊना जिला के राजीव कुमार को प्रदान किए गए तथा उन्हें क्रमशः 5100 रुपये, 3100 रुपये व 2100 रुपये तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। हथकरघा प्रदर्शनी में सांगला के भीमसेन को प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये, रिकांगपिओ के धर्म लाल को द्वितीय पुरस्कार 3100 रुपये तथा चासू के विद्या सागर को तृतीय पुरस्कार 2100 रुपये प्रदान किए गए।

