- Advertisement -
कोरोना वायरस के चलते दुनिया के कई देशों में अभी भी लॉकडाउन (Lockdown) है जिस वजह से लोगों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घर पर बैठकर भी लोग बोर हो चुके हैं और अब बाहर निकलने के लिए नई-नई स्कीम लड़ा रहे हैं। कनाडा (Canada) के क्यूबेक प्रांत में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसे सुनकर हंसी भी आती है और इन लोगों की दशा पर दया भी। यहां रहने वाली एक महिला अपने पति के गले में पट्टा बांधकर उसे ही बाहर टहलाने ले गई। पुलिसवालों ने दोनों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया है।
हुआ यूं कि कनाडा के क्यूबेक में चार हफ्तों का नाइट कर्फ्यू (Night curfew) लगाया गया है। इसकी वजह से रात आठ बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक लोगों को बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। हालांकि, प्रशासन ने इस दौरान आवश्यक चीजों को ले जाने वाले लोगों को और ऐसे लोग जो अपने पालतू जानवरों को टहलाना चाहते हैं उन्हें इजाजत दी गई है। कर्फ्यू में घर से बाहर निकलने का ऐसा भूत सवार हुआ एक महिला ने अपने पति के गले में कुत्ते वाला पट्टा बांधकर उसे घुमाना शुरू कर दिया। महिला शेरब्रूक की किंग स्ट्रीट ईस्ट पर अपने पति को घुमा रही थी कि तभी वहां पुलिस आ गई। पुलिस वालों ने जब महिला इसके बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह अपने ‘कुत्ते के साथ टहल रही है।’
पुलिस ने बताया कि यह कपल पुलिस के साथ बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रहा था। कर्फ्यू का उल्लंघन (Curfew violation) करने के आरोप में महिला और उसके पार्टनर पर भारी जुर्माना लगाया गया। प्रशासन ने नोटिस के जरिए उल्लंघन करने की जानकारी दी। दोनों पर 2400 डॉलर (तकरीबन पौने दो लाख) का जुर्माना लगाया गया। इस तरह से एक-एक पर 1200-1200 डॉलर का जुर्माना लगा है। अब शायद इतने जुर्माने के बाद ये लोग बिना कर्फ्यू के भी बाहर निकलने से पहले 100 बार सोचेंगे।
- Advertisement -