-
Advertisement

नई पहलः कुलदेवी का आशीर्वाद लेने से पहले नवदंपति से करवाई गौसेवा
मंडी। शादी के बाद परिवार के लोग नवदंपति ( Newlyweds) को आशीर्वाद लेने के लिए कुलदेवी और कुलदेवता के दरबार लेकर जाते हैं। लेकिन नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश नगर निकाय अध्यक्ष/उपाध्यक्ष फेडरेशन के अध्यक्ष चमन कपूर ( Chaman Kapoor) ने एक नई परिपाटी बनाते हुए नवदंपति को कुलदेवी के दरबार ले जाने से पहले गौसदन ( Gausadan) पहुंचाया और उनसे गौसेवा करवाई। चमन कपूर मूलतः मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर (Gopalpur of Sarkaghat subdivision) के रहने वाले हैं और नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष हैं। 7 नवंबर को उनके बेटे की शादी मनाली में हुई थी जिसके बाद पैतृक गांव में धाम का आयोजन किया गया था। इसके बाद चमन कपूर ने नवदंपति को कुलदेवी के दरबार ले जाने से पहले गौसदन पहुंचा दिया। यहां पूरे परिवार ने गाय को पेड़े खिलाए और उनकी सेवा करके आशीर्वाद प्राप्त किया।
चमन कपूर ने दिया संदेश- गौवंश की सेवा जरूर करे
चमन कपूर ने कहा कि हम गाय को माता मानते हैं। बच्चे के पालन पोषण में मां के दूध के बाद गाय का दूध (Cow milk) ही सबसे पौषटिक आहार होता है। इसलिए गाय को कभी भी लावारिस नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिससे जो भी यथासंभव हो सके, वो गौवंश की सेवा जरूर करे। गाय का ना सिर्फ दूध हमारे काम आता है बल्कि गोबर और मूत्र भी कई प्रकार के गुणों से भरपूर होता है। उन्होंने बरसात के कारण इस गौसदन को हुए नुकसान के लिए अपनी तरफ से 51 हजार की राशि भी भेंट की। इसके साथ ही भविष्य में गौसदन के लिए और मदद का भरोसा भी दिलाया।
गौसेवा समिति ने इसे बताया समाज के लिए बेहतरीन उदाहरण
डली गौसेवा समिति के अध्यक्ष हेम राज वर्मा ने इस नई परिपाटी के लिए चमन कपूर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चमन कपूर ने नवदंपति को गौसदन लाकर गौसेवा करवाकर जो नया उदाहरण पेश किया है वो तारीफ-ए-काबिल है। उन्होंने सहयोग राशि के लिए भी चमन कपूर का डली गौसेवा समिति की तरफ से आभार जताया। इस मौके पर चमन कपूर की धर्मपत्नी खुशबू कपूर, बेटा दीपांकर कपूर, पुत्रवधू जाहन्वी कपूर, बेटी डा. पिया कपूर, डली गौसेवा समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सागर कुमार, उप प्रधान रीता कुमार, महासचिव विजय कुमार, कोषाध्यक्ष सन्नी ठाकुर, सह कोषाध्यक्ष स्वदेश कुमार, संरक्षक सुरेंद्र राणा, सचिव श्रवण कुमार, संयुक्त सचिव कश्मीर सिंह, निरीक्षक टीसी ठाकुर और सुरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।