-
Advertisement
हिमाचल: बीजेपी ने कुल्लू में काटा महेश्वर सिंह का टिकट, नरोत्तम को बनाया प्रत्याशी
कुल्लू। हिमाचल में विधानसभा चुनाव (Himachal Vidhan Sabha Election) के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया (Nomination Process) का आज अंतिम दिन है। इसी बीच बीजेपी ने कुल्लू (Kullu) सदर से अपना प्रत्याशी बदल दिया है। कुल्लू में टिकट आवंटन पर बड़ा फेरबदल करते हुए महेश्वर सिंह का टिकट काट कर अब नरोत्तम ठाकुर (Narottam Thakur) को प्रत्याशी बनाया गया है। नामांकन के अंतिम दिन हुए इस बड़े फेरबदल से महेश्वर सिंह गुट के लोग खासे नाराज हैं। वहीं बताया जा रहा है कि महेश्वर सिंह (Maheshwar Singh) अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए उन्होंने आज अपना नामांकन भर दिया है। बता दें कि महेश्वर सिंह ठाकुर हिमाचल सरकार में मंत्री रहे चुके हैं। इसके अलावा मंडी सीट से सांसद भी निर्वाचित हुए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी ने महेश्वर सिंह का टिकट उनके बेटे के बागी होने के चलते काटा है। महेश्वर के पुत्र बंजार से आजाद चुनाव लड़ने की जिद पर अड़े थे, इसके बाद पार्टी ने यह फैसला लिया है।
यह भी पढ़ें- डॉ पुष्पेंद्र वर्मा हमीरपुर से कांग्रेस कैंडिडेट-लंबी जद्दोजहद के बाद हुआ फैसला
बता दें कि महेश्वर सिंह को टिकट मिलने के बाद बीजेपी के एक खेमे ने बगावती सुर अपना लिए हैं। टिकट के प्रबल दावेदार राम सिंह (Ram Singh) ने 25 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करने का ऐलान कर दिया था। हालांकि उन्होंने यह खुलासा नहीं किया था कि वह किस पार्टी से नामांकन भरेंगे। लेकिन राम सिंह के बगावती सुरों से बीजेपी की नींद उडा दी थी। हाईकमान ने कुल्लू से नए चेहरे नरोतम ठाकुर को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसकी सूचना मिलते ही कुल्लू की राजनीति में भूचाल आ गया है।
टिकट के लिए नरोत्तम ने छोड़ी थी शिक्षक की नौकरी
बता दें कि नरोतम ठाकुर हाल ही में शिखक की नौकरी छोड़ कर टिकट की दौड़ में शामिल हुए थे, लेकिन बीजेकपी हाईकमान की ओर से अब उन्हें टिकट दे दिया गया है। टिकट मिलने केा बाद नरोतम ठाकुर ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है।
आखिर क्यों कटा महेश्वर का टिकट
बताया जा रहा है कि करीब दो दिन पहले सीएम जयराम ठाकुर कुल्लू दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने महेश्वर सिंह और उनके पुत्र हितेश्वर सिंह को एक वार्ता के लिए बुलाया। बैठक में हितेश्वर सिंह की जगह उनकी पत्नी विभा सिंह मौजूद हुई थी। बैठक में साफ कहा गया था कि अगर महेश्वर सिंह का बेटा हितेश्वर सिंह आजाद चुनाव लड़ेगा तो बीजेपी महेश्वर सिंह को टिकट नहीं देगी। इसी के चलते मंगलवार को बीजेपी हाईकमान ने कुल्लू सदर से नरोतम ठाकुर को टिकट दे दिया है। वहंी टिकट मिलने के बाद नरोतम ठाकुर ने मंगलवार को अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है।
