-
Advertisement
बाजार में घूमने निकला था बुजुर्ग, ब्यास नदी किनारे मिला शव
मंडी। घर से बाहर घूमने निकले बुजुर्ग का शव सोमवार को ब्यास नदी (River Beas) के किनारे से बरामद हुआ है। सराज क्षेत्र के बागाचनोगी में 81 वर्षीय तुलसू राम अपनी पोती के पास रहने के लिए पंडोह आया था। रविवार को वे घर से यह कहकर निकले कि बाजार घूमने जा रहे हैं। लेकिन जब देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने सोमवार सुबह पंडोह पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। दोपहर बाद पुलिस चौकी स्योग पंचायत के पूर्व प्रधान नरेंद्र पाल वैद्य ने सूचना दी कि नदी के किनारे एक शव पड़ा हुआ है।
पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता को भी शिनाख्त के लिए बुलाया। पंडोह चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों ने किसी पर भी कोई संदेह नहीं जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
