-
Advertisement
कांगड़ा के बनखण्डी में बड़े चिड़ियाघर के प्रोजेक्ट को केंद्र की मंजूरी: सुक्खू
Last Updated on July 27, 2023 by sintu kumar
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के बनखण्डी (Bankhandi in Kangra District) में एक बड़े चिड़ियाघर (Big Zoo) के प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार के केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (CZA) से मंजूरी मिल गई है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इससे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा (Tourism Development) देने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर की स्थापना प्रदेश सरकार की महत्त्वाकांक्षी परियोजना है। केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की पूर्व स्वीकृति से सरकार की इस परियोजना को मूर्तरूप प्रदान करने में बल मिलेगा। सरकार ने कांगड़ा को पर्यटन राजधानी (Tourism Capital) के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिसमें यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन बल प्रमुख) राजीव कुमार ने बताया कि केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण द्वारा जून 2023 को बुलाई गई 108वीं तकनीकी समिति की बैठक में बड़े चिड़ियाघर की स्थापना के प्रस्ताव का गहन मूल्यांकन करने के बाद स्वीकृति प्रदान करने की सिफारिश की है।
यह भी पढ़े:सुर्खियों के लिए राजनीति कर रहा विपक्ष, हम विधानसभा में देंगे जवाब- सुक्खू
विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी
उन्होंने कहा कि इस चिड़ियाघर में विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान कर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों के मूल वन्य जीवों को रखा जाएगा। यह चिड़ियाघर पर्यटकों के लिए वन्य जीवों से जुड़ने, उनके प्राकृतिक व्यवहार और पारिस्थितिक महत्त्व की समझ विकसित करने के केन्द्र के रूप में कार्य करेगा। यह चिड़ियाघर वन्य जीव संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करेगा।