-
Advertisement
हड़ताल पर गए कर्मचारियों को केंद्र की चेतावनी; कहा- परिणाम भुगतने को तैयार रहें
Last Updated on January 8, 2020 by
नई दिल्ली। सरकार की नीतियों के खिलाफ आज भारत बंद है। इस सब के बीच प्रशिक्षण एवं कार्मिक मंत्रालय (Ministry of Training and Personnel) ने एक आदेश जारी कर बुधवार को हड़ताल पर जाने वाले केंद्रीय कर्मचारियों (Central staff) को ‘परिणाम’ भुगतने की चेतावनी दी है। सभी केंद्रीय विभागों को जारी इस आदेश में हड़ताल पर जाने वाले कर्मचारियों की वेतन कटौती, उनके खिलाफ ‘अनुशासनात्मक कार्रवाई’ करने और अस्थाई तौर पर कैज़ुअल लीव्स लेने की अनुमति नहीं देने की बात थी।
बता दें कि केंद्र सरकार की नीतियों मसलन श्रम सुधार, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश और निजीकरण के खिलाफ केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने बुधवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और विभिन्न क्षेत्रों में उनसे संबद्ध कर्मचारी यूनियनों ने श्रमिकों और कर्मचारियों को आठ जनवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध भारतीय मजदूर संघ हड़ताल में शामिल नहीं है। यूनियनों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों के लिए हड़ताल बुलाई है। इनमें न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं। वहीं कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कर्मचारियों को यह चेतावनी देते हुये हड़ताल से दूर रहने को कहा गया है।