-
Advertisement
दिल्ली के बाद अब हिमाचल में पकड़ी चीनी महिला, नेपाल से जुड़े दस्तावेज बरामद
जोगेंद्रनगर। दिल्ली में चीनी महिला जासूस (Chinese Female Spy) के पकड़े जाने के बाद अब हिमाचल के मंडी जिला में एक चीन की महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस महिला के पास से नेपाल से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। इस चीनी महिला (Chinese Woman) को मंडी जिले के जोगेंद्रनगर उपमंडल के चौंतड़ा में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियां को भी इसकी जानकारी दे दी है। बताया जा रहा है कि चौंतड़ा स्थित तिब्बतियन कालोनी (Tibetan Colony) में सैकड़ों तिब्बती रहते हैं। पुलिस को यहां एक महिला की गतिविधियां कुछ संदिग्ध लगी। जब पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो पता चला कि वह चीन की मूल नागरिक है और पिछले 30 सितंबर को चौंतड़ा आई थी। जानकारी देते हुए डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि महिला से चीन व नेपाल की नागरिकता से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं। देश की आंतरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस महिला से पूछताछ की जा रही है। महिला को कल यानी बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अभी तक इस मामले में पूरी जानकारी नहीं दे रही है। वहीं मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी (SP Mandi) शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि चौंतड़ा में चीन की महिला को संदिग्ध गतिविधियों के चलते गिरफ्तार किया है। इससे नेपाल से संबंधित कुछ दस्तावेज मिले हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल में आबकारी विभाग ने कसा शिकंजा, एक हजार से ज्यादा शराब की बोतलें पकड़ीं
दिल्ली में पकड़ी थी चीनी महिला जासूस
बता दें कि कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने मजनू का टीला में रह रही एक चीनी महिला जासूस को गिरफ्तार किया था। यह महिला भारत में रहकर चीन के लिए तिब्बती लोगों से संपर्क साध रही थी। यह महिला हिमाचल के धर्मशाला और मैक्लोडगंज में भी आ चुकी थी। महिला के पास नेपाल से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे। यह चीनी महिला जासूस मजनू का टीला में नेपाली बौद्ध भिक्षु बनकर रह रही थी।

