-
Advertisement
हिमाचल होटल में खाने को लेकर हुई मारपीट में एक युवक की गई जान, 6 गिरफ्तार
Last Updated on October 13, 2022 by Neha Raina
रामपुर। राजधानी शिमला (Shimla) के रामपुर में बीती रात को होटल (Hotel) में खाना खाने को लेकर हुई मारपीट (Beating) में एक युवक की मौत हो गई। मामला उपमंडल रामपुर के तहत आने वाले झाकड़ी थाने से सामने आया है। बताया जा रहा है कि अवेरी निरमंड निवासी महेंद्र कुछ लोगों के साथ रामपुर से जन्मदिन मनाने के बाद झाकड़ी के एक होटल में खाना खाने के लिए रूके थे। लेकिन खाने को लेकर होटल मालिक और महेंद्र के बीच कहासुनी हो गई। जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस मारपीट में 26 वर्षीय महेंद्र पुत्र टेक सिंह निवासी अवेरी निरमंड कुल्लू की मौत हो गई।
यह भी पढ़ेंः हिमाचल: करवाचौथ पर महिला का आरोप, पति जबरन बनाता है अप्राकृतिक यौन संबंध
मिली जानकारी के अनुसार होटल के मालिक और महेंद्र सहित अन्यों लोगों के बीच बहसबाजी के बाद मारपीट हो गई। इस मारपीट में 26 वर्षीय महेंद्र गंभीर रूप से घायल (Injured) हो गया। जिसे तुरंत इलाज के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अगाामी जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आज यानी गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हत्या (Murder) का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ झाकड़ी ईश्वर ने बताया कि महेश होटल के दो मालिक व चार वर्कर को रिमांड पर लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
मृतक के परिजनों ने पुलिस थाना के बाहर किया हंगामा
वहीं गुरुवार को मृतक के परिजनों ने पुलिस थाना झाकड़ी में एकत्रित हुए और जमकर हंगामा (Protest) किया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। परिजनों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही मृतक के दोस्तों के साथ झाकड़ी थाने में मारपीट करने वाले पुलिस कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्रशासन से होटल संचालक का लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।
कांगड़ा बस स्टैंड के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
कांगड़ा। जिला कांगड़ा में गुरुवार को करवाचौथ के दिन एक व्यक्ति का शव मिला है। मामला पुलिस थाना कांगड़ा के तहत सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति कुछ दिन से बस स्टैंड के आसपास घूम रहा था। वहीं जानकारी देते हुए डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बस अड्डे के साथ इंडस्ट्रियल एरिया के शेड में एक व्यक्ति मृत पड़ा है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। मृतक व्यक्ति की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेजा गया है।