- Advertisement -
हिमाचल प्रदेश में मानसून ने कहर बरपा दिया है। भारी बारिश के चलते कुल्लू मणिकर्ण घाटी के चोज की पहाड़ियों में बादल फट गया। जिसके चलते चौंज नाले में बाढ़ आ गई। इस बाढ़ में कई लोगों के बह जाने की आशंका है। भूस्खलन से जहां भुंतर मार्ग भी बंद हो गया है। बाढ़ में पार्वती नदी पर बना पुल, रेस्टोरेंट और कई घर बह गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंचे।
पार्वती नदी और चोज नाला संगम स्थल पर बने मकान और रेस्टोरेंट बह गए हैं। इन मकानों और रेस्टोरेंट में कितने लोग थे, अभी तक स्थिति साफ नहीं हो पाई है।एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला ने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद ही नुकसान और लोगों के बहने की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बारिश के कारण रेस्कयू आपरेशन में दिक्कत आ रही है।
मलाणा में आए मलबे से मलाणा प्रोजेक्ट के कार्यालय और शेड बह गए हैं और प्रोजेक्ट को काफी नुकसान हुआ है, लेकिन यहां सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू टीम मौके पर नुकसान का जायजा ले रही है।
रात को हुई भारी बारिश के चलते सैंज घाटी के कई मार्ग बंद हो गए हैं। शैंशर मार्ग पर भूस्खलन हो गया है। इसके अलावा बंजार, आनी, कुल्लू और मनाली क्षेत्र के कई मार्ग भूस्खलन के कारण बंद होने की जानकारी है।
- Advertisement -