-
Advertisement
मुकेश ने बैंड पर बाबुल की दुआएं लेती जा धुन बजा दी जयराम सरकार को विदाई
ऊना। हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के प्रचार के अंतिम दिन सभी राजनितिक दलों ने अपने अपने पक्ष में जनसभाएं, नुक्कड़ सभाएं, रोड़ शो या डोर टू डोर प्रचार कर जनता के बीच अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया। इसी कड़ी के तहत गुरुवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नेता प्रतिपक्ष और हरोली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी मुकेश अग्निहोत्री ने बीजेपी प्रत्याशी और अपने प्रतिद्वंदी प्रोफेसर राम कुमार की गृह पंचायत पालकवाह में जनसभा कर अपनी ताकत दिखाई। पालकवाह में आयोजित जनसभा में पहुंचने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मुकेश अग्निहोत्री का जोरदार स्वागत किया, वहीं हमारा सीएम कैसा हो मुकेश अग्निहोत्री जैसा के नारे भी लगाए। सरकार पर निशाना साधने के लिए अपने चिर परिचित अंदाज के लिए जाने जाते मुकेश अग्निहोत्री ने पालकवाह में आयोजित जनसभा में भी कुछ ऐसा ही किया। मुकेश अग्निहोत्री ने मंच से ही बैंड पार्टी से बाबुल की दुआएं गीत की धुन बजवाकर जयराम सरकार की विदाई का दावा किया।
यह भी पढ़ें- प्रियंका बोली : दादी ने हिमाचल को बनाया, स्व वीरभद्र सिंह ने बुलंदियों पर पहुंचाया
कांग्रेस की इस जनसभा में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बडिंग और पंजाब के विधायक राज कुमार चब्बेवाल ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने जहां हरोली विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक जाने पर हरोली की जनता का आभार जताया वहीं बीजेपी पर भी जमकर निशाने साधे। मुकेश अग्निहोत्री ने सीएम जयराम ठाकुर पर चुटकी लेते हुए कहा कि जब जयराम सीएम बने थे तभी हमने कहा था कि बीजेपी ने गलत ड्राइवर को गाड़ी पर चढ़ा दिया है यह पक्का एक्सीडेंट करवाएगा और आज यही स्थिति पैदा हो गई है जहां तक कि खुद प्रधानमंत्री भी इस बात को मान चुके है। मुकेश ने कहा कि बीजेपी के लोग हमे हराने की बात करते थे लेकिन हमारी लड़ाई बीजेपी के प्रत्याशी की साथ नहीं बल्कि हिंदुस्तान की बीजेपी के साथ है।

वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बडिंग ने मुकेश अग्निहोत्री की तरीफों के कसीदे पढ़े वहीं मुकेश को प्रदेश का भविष्य करार दिया। राजा बडिंग ने कहा कि हिमाचल की सभी सीटों में से मुकेश अग्निहोत्री सबसे ज्यादा मतों से जीतने चाहिए। राजा बडिंग ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के 60 और बीजेपी के 8 साल की तुलना करते हुए महंगाई का जिक्र किया। राजा बडिंग ने कहा कि 60 साल में कांग्रेस ने गैस सिलेंडर का दाम 365 से बढ़ने नहीं दिया लेकिन बीजेपी ने 8 सालों में ही सिलेंडर का दाम 1100 के पार कर दिया वहीं डीजल और पैट्रोल के दाम भी शतक के नजदीक पहुंच चुके है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश में अवैध खनन और नशा माफिया को बढ़ावा दिया है। बडिंग ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है इसलिए खुद पीएम आजाद उम्मीदवार को फोन कर मिन्नतें तक करने पर आ गए है।
