-
Advertisement

Mallikarjun Kharge: युवाओं को रोजगार दिलाने और संविधान को बचाने के लिए लड़ रही कांग्रेस
Lok Sabha Election 2024: शिमला। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) हिमाचल दौरे पर हैं। आज उन्होंने रोहड़ू के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान खरगे ने कहा कांग्रेस पार्टी संविधान को बचाने और युवाओं को रोजगार (Employment To The Youth) दिलाने के लिए लड़ रही है। इसलिए 1 जून को हाथ के चिन्ह पर बटन दबाइए और भारी बहुमत से कांग्रेस (Congress) को विजयी बनाइए। पीएम मोदी (PM Modi) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले सेना में स्थायी नौकरी मिलती थी, पेंशन और अन्य सुविधाएं मिलती थी। लेकिन नरेंद्र मोदी ने ‘अग्निवीर’ लाकर सब खत्म कर दिया।
नौकरियां देने के नाम पर मोदी ने बोला झूठ
खरगे ने पूछा कि मोदी ने हिमाचल के लिए क्या योगदान दिया। मोदी सरकार (Modi Government) ने उल्टा सेब पर आयात शुल्क घटा दिया। खरगे ने कहा कि मोदी ने सत्ता में आने पहले कहा था कि हर नागरिक के बैंक खाते में 15-15 लाख डालूंगा, क्या 15 लाख मिले? युवाओं को नौकरियां देने के नाम पर झूठ बोला गया। उन्होंने कहा कि मोदी को 16 साल का हिसाब देना होगा।
हिमाचल स्विट्जरलैंड से कम नहीं
वहीं, इसी दौरान खरगे ने कहा कि शिमला की सुंदरता और वातावरण देखने के बाद ऐसा लगता है मानो ये हमारा स्विट्जरलैंड (Switzerland) है। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देना बहुत जरूरी है। पर्यटन के बढ़ने से लोगों के पास पैसे आते हैं। पैसे आने पर लोग उसे खर्च करते हैं, जिससे छोटे व्यापारियों को उठने में मदद मिलती है। हिमाचल एक विशेष प्रदेश है।
30 लाख सरकारी पदों को भरा जाएगा
मल्लिकार्जुन खरगे ने जनता से वादा किया कि केंद्र में विपक्षी गठबंधन की सरकार आने पर केंद्र सरकार में खाली पड़े 30 लाख सरकारी पदों को भरा जाएगा। खरगे ने कहा कि आपदा के दौरान PM नरेंद्र मोदी को हिमाचल प्रदेश की याद नहीं आई। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने 9 हजार 900 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद के लिए प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा, लेकिन बावजूद इसके PM नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश की कोई मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के साथ PM नरेंद्र मोदी ने अन्याय किया है।
4 जून को देश में सरकार बदलने जा रही
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 4 जून को देश में सरकार बदलने जा रही है। इंडिया गठबंधन 4 जून को सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि जनता मोदी सरकार से तंग हो चुकी है। बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ती चली जा रही है। मोदी सरकार संवैधानिक संस्थाओं को दुरुपयोग करती है। यह चुनाव जनता बनाम BJP का है। लोग इस चुनाव को सरकार के खिलाफ लड़ रहे हैं। जनता बहादुरी और धैर्य के साथ आगे बढ़ रही है और PM नरेंद्र मोदी घबरा गए हैं।
देश को हिंदू और मुसलमान में बांटने की कोशिश कर रहे PM
PM मोदी देश को हिंदू और मुसलमान में बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस PM नरेंद्र मोदी के खिलाफ नहीं है, बल्कि उनकी विचारधारा के खिलाफ है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी उनके विचारधारा के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। खरगे ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में नेताओं को डराने और धमकाने की कोशिश होती है। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स को पीछे लगाकर सरकार गिराने की कोशिश होती है।