-
Advertisement
![](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2022/04/rathore.jpg)
दिल्ली से लौटे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर सीधे पहुंच गए होली लॉज, जाने क्यों
शिमला। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर (Congress National Spokesperson Kuldeep Rathore) नई जिम्मेदारी मिलने के बाद गुरुवार को हिमाचल की नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को बधाई देने के लिए होली लॉज पहुंचे। कुलदीप राठौर ने प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) को नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें शुभकामनाएं दी और साथ ही विधानसभा चुनाव में पूरा सहयोग का विश्वास दिलाया। वहीं कुलदीप राठौर ने उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए जाने पर सोनिया गांधी का आभार जताया और कहा कि नई जिम्मेदारी को बखूबी निभाउंगा। इस अवसर पर कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसे लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मदद से बखूबी निभाया। राठौर ने इस बात पर संतोष जताया कि कांग्रेस (Congress) को एकजुट कर उपचुनाव में चार सीटों को जीत सके। उसके बाद अब नई जिम्मेदारी दी गई, यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसके साथ ही अब देश की राजनीति में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: कुलदीप राठौर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, एआईसीसी के प्रवक्ता बनाए
वहीं,राठौर ने प्रदेश में अध्यक्ष के साथ कार्यकारी अध्यक्ष बनाने को लेकर कहा कि हिमाचल में उनके कार्यकाल के दौरान भी प्रदेश में कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की बात चली थी, लेकिन उस समय नहीं बनाए गए। हिमाचल एक छोटा राज्य है, ऐसे में उस समय यहां कार्यकारी अध्यक्ष नहीं बनाए गए थे, लेकिन कांग्रेस ने कई राज्यों में अध्यक्ष के साथ कार्यकारी अध्यक्ष बनाए हैं। उसी तर्ज पर अब हिमाचल में भी आलाकमान ने कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया और हिमाचल में एक अध्यक्ष के साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए। इससे कांग्रेस को आने वाले समय में काफी फायदा होगा। वहीं राठौर ने अपने 3 साल के कार्यकाल के दौरान उपचुनावों में बड़ी जीत को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र में बीजेपी की सरकार (BJP Govt) और प्रदेश में भी बीजेपी की सरकार होते हुए भी कांग्रेस ने प्रदेश में उपचुनावों में चारों सीटों पर जीत हासिल की और संगठन को मजबूत किया।