-
Advertisement
सुक्खू हमीरपुर के बाद ऊना में भी लाए कांग्रेसियों को एक छत के नीचे, सीएम जयराम को कह दी ये बात
Last Updated on April 28, 2022 by sintu kumar
ऊना। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल के बाद दिल्ली से हिमाचल पहुंचे प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का मैहतपुर में जोरदार स्वागत किया गया। सुखविंदर सिंह सुक्खू हमीरपुर के बाद ऊना में भी कांग्रेसियों को एक छत के नीचे लाने में कामयाब रहे। यहीं कारण है कि ऊना में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर झूमते गाते दोनों नेताओं का स्वागत किया। हिमाचल के प्रवेश द्वार पर ऊना सदर के कांग्रेसी विधायक सतपाल सिंह रायजादा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल मालाएं पहनाकर मुकेश अग्निहोत्री और सुखविंदर सुक्खू का वेलकम किया। वहीं इस दौरान रास्ते में भी कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर का समय पूरा हो चुका है उन्हें अब अपना बोरिया बिस्तर पैक कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग अब जाने वाले हैं और कांग्रेस के नेता अब आने वाले हैं।
यह भी पढ़ें- प्रतिभा एक नॉन कांट्रोवर्शियल चेहरा, संगठन बेहतरीन ढंग से चलेगा- बोले कौल
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति की कमान मिलने के बाद पहली बार देवभूमि पहुंच रहे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करने वाला है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सचिवालय में सोई हुई बीजेपी सरकार को जगा कर सत्ता से बेदखल किया जाएगा। एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेताओं को यदि कांग्रेस के नेता नजर नहीं आ रहे हैं तो वह आंख खोल कर देख ले हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार से कांग्रेस के नेता बीजेपी की सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया।