-
Advertisement

राजीव के करीबी-सोनिया के विरोधी; नहीं रहे एनसीपी नेता डीपी त्रिपाठी
Last Updated on January 2, 2020 by
नई दिल्ली। पूर्व सांसद और एनसीपी नेता डीपी त्रिपाठी (DP Tripathi) का गुरुवार को निधन हो गया। एक समय में पूर्व पीएम राजीव गांधी के बेहद करीबी माने जाने वाले त्रिपाठी ने शरद पवार द्वारा सोनिया गांधी के विदेशी मूल के होने का मुद्दा उठाने के बाद पवार के साथ ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। वो ऐसा समय था, जब सोनिया गांधी कांग्रेस की तरफ से पीएम पद की रेस में सबसे आगे चल रही थीं। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद त्रिपाठी ने एनसीपी ज्वाइन कर ली थी। जिसके बाद उन्हें एनसीपी में राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में जन्मे डीपी त्रिपाठी को राज्यसभा में दी गई उनकी आखिरी स्पीच के लिए भी जाना जाता है।
यह भी पढ़ें: Congress के स्थापना दिवस पर युवा नेता की गोली मारकर हत्या,मौके पर निकले प्राण
राज्यसभा से विदाई में दिया था सेक्स पर ऐतिहासिक भाषण
साल 2018 में राज्यसभा से विदाई लेते वक्त त्रिपाठी ने सेक्स का मुद्दा उठा कर सभी को हैरान कर दिया था। अपने उस आखिरी भाषण में उन्होंने कहा था कि संसद में सेक्स पर बात क्यों नहीं होती? उन्होंने कहा कि सदन को उन मुद्दों पर भी चर्चा करनी चाहिए, जिससे समाज चर्चा करने से घबराता है। इनमें सेक्स सबसे ऊपर आता है, जिस देश ने दुनिया को कामसूत्र दिया हो वही आज इस पर चर्चा से क्यों घबराता है। जबकि गांधी जी और लोहिया ने भी इस पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि सेक्स से जुड़ी बीमारियों के चलते मौतें होती हैं, लेकिन कभी इस पर बात नहीं हुई। इसके अलावा त्रिपाठी को उनके द्वारा लिखी गई किताबों के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने पाकिस्तानी शायर फैज़ अहमद फैज़ को लेकर भी किताब लिखी। जिसका नाम सेलिब्रेटिंग फैज़ था।