-
Advertisement
हिमाचल: घर में सो रहे लोगों पर आ गिरा मलबा, भागने का भी नहीं मिला मौका; तीन की मौत
चुवाड़ी/कांगड़ा। हिमाचल में भारी बारिश (Heavy Rain) से जहां करोड़ों का नुकसान हुआ है। वहीं कई घर जमींदोज हो गए, जिसके (Debris) मलबे में दबने से कई लोगों की मौत हो गई। एक ऐसा ही मामला चंबा (Chamba) जिला के चुवाड़ी से सामने आया है। यहां पहाड़ से आया मलबा एक घर की दीवार को चीरते हुए अंदर सो रहे लोगों को अपने साथ बहा ले गया। हादसा उपमंडल मुख्यालय चुवाड़ी (Chowari) के अंतर्गत आने वाले चूड़ना गांव में शनिवार को हुआ।
यह भी पढ़ें:हिमाचल में तबाही का मंजर, भारी बारिश से 15 लोगों की मौत; 6 लापता- कई गाड़ियां बहीं
बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण घर में मलबा घुस गया। जिस समय यह हादसा हुआ, घर एक दंपती और उनका बेटा सो रहे थे। मलबा गिरने से उनकी अंदर ही मौत हो गई। उन्हें भागने तक का मौका नहीं मिला। पहाड़ से आया यह मलबा घर के बीचोंबीच से निकल गया, साइड की दीवारें व छत खड़ी रही जबकि बीच का हिस्सा मलबे के साथ बह गया। बताया जा रहा है कि 38 वर्षीय धर्मपाल उनकी पत्नी और 15 वर्षीय बेटे के साथ पुराने मकान में सोया था। जबकि छोटा बेटा व दादी दूसरे मकान में सोए थे, जो कि सुरक्षित हैं। मार्ग में हो रहे भारी भूस्खलन व पत्थर गिरने के कारण पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई है, लेकिन तीनों शवों को स्थानीय लोगों ने मलबे से निकाल लिया है। घटना की पुष्टि थाना प्रभारी चुवाड़ी रमन चौधरी ने की है।
इसी तरह से जिला कांगड़ा (Kangra) में भी भारी बारिश ने एक 9 साल के बच्चे और एक व्यक्ति की जान ले ली है। साथ ही एक महिला घायल हुई है। हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे के आसपास हुआ है। बताया जा रहा है कि उपमंडल शाहपुर (Shahpur) की ग्राम पंचायत गोरदा के प्रधान ने पुलिस थाना शाहपुर में सूचना दी कि बारिश के कारण नसीब सिंह का मकान ढह गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नसीब सिंह के 9 वर्षीय बेटे आयुष कुमार को मलबे से निकाल कर सिविल हॉस्पिटल शाहपुर लाया गया। जहां पर डॉक्टर ने आयुष कुमार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं उपमंडल पालमपुर के गांव लाहड़ में सुबह करीब 7 बजे बारिश के कारण डंगा गिर गया। जिसके मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान बाल मुकुंद (48) पुत्र कन्हैयालाल निवासी गांव लाहड़ तहसील धीरा के रूप में हुई है। पुलिस ने मलबे से व्यक्ति को बाहर निकाल कर शव कब्जे में ले लिया है। वहीं हादसे में मृतक व्यक्ति की पत्नी को भी चोटें आई हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group