- Advertisement -
कोरोना महामारी के बीच सरकार (Government) ने बड़ा फैसला लेते हुए ट्रांसजेंडर समुदाय को निर्वाह भत्ते के तौर पर 1500 रूपए देने की घोषणा की है। महामारी के इस दौर में (Transgender Community) ट्रांसजेंडर समुदाय भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने प्रत्येक ट्रांसजेंडर को तत्काल सहायता के रूप में 1,500 रूपए के निर्वाह भत्ता देने की घोषणा की है। मंत्रालय ने ट्रांसजेंडर के लिए काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों और समुदाय आधारित संगठनों को इस बारे में जागरूकता फैलाने को कहा है। मंत्रालय का कहना है कि वित्तीय सहायता ट्रांसजेंडर समुदाय को उनकी दिन-प्रतिदिन की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगी।
मंत्रालय की इस सहायता को पाने के लिए कोई भी ट्रांसजेंडर सीबीओ प्रपत्र https://forms।gle/H3BcREPCy3nG6TpH7 में अपनी डिटेल, बैंक खाता संख्या के साथ जमा करवा सकता है। इसे ही वित्तीय सहायता के लिए आवेदन माना जाएगा। मंत्रालय ने इसके साथ ट्रांसजेंडर के लिए एक मुफ्त हेल्पलाइन शुरू करने की भी घोषणा की है। हेल्पलाइन से वो मनोवैज्ञानिक समर्थन और मानसिक स्वास्थ्य देखभाल की मांग कर सकते हैं। इसके लिए वह हेल्पलाइन नंबर 8882133897 पर जुड़ सकते हैं। हेल्पलाइन सोमवार से शनिवार तक सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 3 से शाम 5 बजे के बीच काम करेगी। याद रहे कि बीते वर्ष भी मंत्रालय ने लॉकडाउन के दौरान ट्रांसजेंडर को इसी तरह की वित्तीय सहायता और राशन किट प्रदान की थी। इस पर कुल 98.50 लाख रूपए की राशि खर्च हुई थी, इससे देश भर में लगभग 7000 ट्रांसजेंडर लाभान्वित हुए थे।
- Advertisement -