-
Advertisement

हिमाचल में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा:परेड की सलामी ली, सीएम सुक्खू भी रहे मौजूद
Republic Day 2025: हिमाचल प्रदेश में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह शिमला में मनाया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल (Governor Shiv Pratap Shukla)ने गणतंत्र दिवस पर शिमला के रिज पर तिरंगा फहराया। उन्होंने 22, जम्मू एवं कश्मीर राइफल्स के परेड कमांडर लेफ्टिनेंट गगनदीप चौहान के नेतृत्व में शानदार मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu)व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी रिज पर मौजूद रहे। इस अवसर पर सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस, पंजाब पुलिस, राज्य पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन सेवाएं, हिमाचल प्रदेश डाक सेवाएं, आपदा प्रबंधन, पूर्व सैनिक, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना कैडेट और भारत स्काउट्स एवं गाइड आदि की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया।विभिन्न विभागों की विकासात्मक गतिविधियों को प्रदर्शित करती झांकियां इस समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं। किन्नौर, हमीरपुर, शिमला तथा मंडी से आए सांस्कृतिक दलों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला-राजस्थान एवं उत्तराखंड के सांस्कृतिक दलों ने भी प्रस्तुति दी।
जिलों में इन मंत्रियों ने फहराया झंडा
वहीं जिलों में कैबिनेट मंत्रियों ने तिरंगा फहराया। मंडी में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, किन्नौर में बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, बिलासपुर में पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, सोलन में टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी, कांगड़ा में खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा, कुल्लू में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, लाहौल स्पीति में डिप्टी स्पीकर विनय कुमार, ऊना में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, चंबा में कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने झंडा फहराया।
संजू चौधरी