-
Advertisement
![](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2023/01/snow-fall-shimla.jpg)
हिमाचल में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी, अंधड़ की भी चेतावनी
शिमला। हिमाचल में हिमपात के बाद से जनजीवन अस्तव्यस्त है। प्रदेश की अभी भी 100 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद है। वहीं बर्फबारी से प्रदेश के सैंकड़ों ट्रांसफार्मर बंद हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली गुल है। हालांकि गुरुवार और शुक्रवार को दो दिन मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Center Shimla) के अनुसार प्रदेश में 28 जनवरी से प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेगा। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी होगी। मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 29 व 30 जनवरी को भारी बारिश-बर्फबारी (Rain and Snowfall) का येलो अलर्ट (Yellow alert) जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 29 व 30 जनवरी को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, लाहुल-स्पीति और किन्नौर जिले के लिए भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़े:बारिश -बर्फबारी से हिमाचल बेहाल, 239 सड़कें बंद, तीन जगह हुआ हिमस्खलन
वहीं हिमाचल प्रदेश में कल यानी 27 जनवरी को एक-दो स्थानों को छोड़कर अन्य सभी भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 28 जनवरी से प्रदेश में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। वहीं, कम ऊंचाई वाले व मैदानी भागों लिए बारिश व अंधड़ चलने का अलर्ट है। गुरुवार को राजधानी शिमला (Shimla) व अन्य भागों में धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। उधर, बीते दिनों हुई बर्फबारी से प्रदेश में 100 से अधिक सड़कें यातायात प्रभावित हैं। वहीं, प्रदेश में कई बिजली के ट्रांसफार्मर भी ठप हैं।
![Lahaul-spiti](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2023/01/Lahaul-spiti-1.jpg)
किन्नौर के टिंकू नाला में आया हिमखंड
जिला किन्नौर में दो दिन पहले हुई बर्फबारी के बाद अब जगह-जगह हिमखंड (ice floe) गिरना शुरू हो गया है। हिमस्खलन (Avalanche) के चलते कई जगह सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। जिन्हें बहाल करने का कार्य किया जा रहा है। गुरुवार सुबह भी पूह उप-मंडल में टिंकू नाला के पास एनएच-5 पर अचानक हिमस्खलन होने से एनएच-5 कई घंटों तक अवरुद्ध रहा। हिमस्खलन गिरने की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन की मशीनरी और जवान टिंकू नाला की ओर रवाना हुए। सीमा सड़क संगठन (BRO) के कमांडिंग ऑफिसर प्रमोद कुमार ने बताया कि वीरवार सुबह टिंकू नाला में अचानक हिमस्खलन होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद तुरंत मौके पर मशीनरी भेजी गई। कईं घंटों की मशक्कत के बाद पहले वन वे और फिर डबल वे ट्रैफिक बहाल किया गया।
![atal-tunnel](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2023/01/atal-tunnel-2.jpg)
अटल टनल बर्फ से लकदक
अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल बर्फ से लकदक हो गए हैं। भारी बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग पर आवाजाही ठप हो गई है। इस वजह से लाहुल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया है। लाहुल-स्पीति की 139 सडक़ों पर यातायात बंद हो गया है। रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला दर्रा और कुंजुम दर्रा में लगातार बर्फबारी हो रही है।