-
Advertisement
विमल नेगी मामले में राजभवन पहुंचा विपक्ष, सबूत नष्ट करने के आरोप, संजीव गांधी को बर्खास्त करने की मांग
Himachal Politics: हिमाचल बीजेपी चीफ इंजीनियर विमल नेगी मौत मामले में राजभवन पहुंची। बीजेपी ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमे मांग की गई कि विमल नेगी मौत मामले में सबूतों को नष्ट न किया जाए। बीजेपी कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और प्रशासनिक विफलता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस सरकार की कार्यशैली और नीतियां संदेहास्पद
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि 26 मई को सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाईकोर्ट के निर्णय पर टिप्पणी कर न्यायालय की अवमानना की है। सीएम ने उच्च न्यायालय के उस निर्णय पर असहमति जताई, जिसमें जांच टीम में हिमाचल कैडर के अधिकारियों को शामिल न करने की बात कही गई थी। यह बयान उनकी हताशा और अहंकार को दर्शाता है। नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि कांग्रेस सरकार की कार्यशैली और नीतियां संदेहास्पद हैं। सरकार ने सीबीआई जांच को स्वीकार तो किया, लेकिन तथ्यों से स्पष्ट है कि सरकार इस जांच में सहयोग नहीं कर रही। कई मामलों में सबूतों के साथ छेड़छाड़ और उन्हें नष्ट करने के प्रयास किए गए हैं।
कांग्रेस को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं
जयराम ठाकुर ने कहा कि एसपी शिमला द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों से प्रशानिक पतन का सरकारी चेहरा सामने आता है, जो सरकार की अनुशासनहीनता को भी दर्शाता है। यह प्रेस वार्ता एसपी शिमला ने सीएम की अनुमति से की है, ऐसा स्पष्ट प्रतीत होता है। उनकी बर्खास्तगी होनी चाहिए। ऐसी सरकार, जो भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती हो, ईमानदार अधिकारियों को हाशिए पर धकेलती हो और आपराधिक घटनाओं पर ठोस कार्रवाई न करती हो, उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
सीबीआई की टीम को नहीं दिया रिकार्ड
जयराम ठाकुर ने कहा, सीएम सुक्खू दिल्ली से लौटने के बाद कह रहे कि यदि विमल नेगी का परिवार उनसे कहता तो वह खुद इस केस की जांच सीबीआई को सौंप देते, जबकि विमल नेगी का परिवार पहले दिन से ही सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। उन्होंने सरकार पर इस मामले की जांच को प्रभावित करने और साक्ष्य नष्ट करने के आरोप लगाए। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सीबीआई की टीम रिकॉर्ड लेने आ गई थी, लेकिन एसपी शिमला ने सीबीआई को रिकॉर्ड देने से इनकार कर दिया।
संजू चौधरी
