-
Advertisement

पेट्रोल-डीजल और LPG के दामों पर Congress लाल, हिमाचल में बड़े सम्मेलन की तैयारी
शिमला। हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर (Himachal Congress President Kuldeep Rathore) ने डीजल, पेट्रोल और एलपीजी (LPG) सिलेंडर के बढ़ते दामों पर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों ने आज देश को बर्बाद करके रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार ने इन तेल कंपनियों को देश के लोगों को लूटने की खुली छूट दे दी है, जब चाहो जितना चाहो मनमर्जी से तेल के मूल्यों को बढ़ाते चलो और अपनी तिजोरियों को भरते चलो। राठौर ने एलपीजी सिलेंडर के मूल्यों में एकमुश्त 50 रुपये की बढ़ोतरी को गैरवाजिब बताते हुए कहा है कि इसका सीधा असर आम और गरीब लोगों के साथ-साथ महिला वर्ग पर पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: राठौर बोले- BJP के खिलाफ चुनाव आयोग जाएगी कांग्रेस, मांगेंगी कानूनी कार्रवाई
राठौर ने कहा कि इसी तरह पेट्रोल (Petrol) और डीजल (Diesel) जो 100 रुपये के आसपास पहुंच गया है। हर रोज इसके मूल्यों में बढ़ोतरी कर सरकार देश को अपने चुनावी वादे के अच्छे दिन दिखा रही है। उन्होंने कहा कि देश मे यूपीए सरकार के समय एलपीजी सिलेंडर की कीमत 436 रुपये के आसपास होती थी, आज वह डबल से बढ़कर 866 रुपये से भी ज्यादा हो गया है। इसी तरह तेल जो 45 से 50 रुपए के आसपास मिलता था, आज डबल से ज्यादा 100 रुपये तक पहुंच गया है। बावजूद इसके सरकार को इसकी कोई भी चिंता नहीं दिखती।
यह भी पढ़ें: #Himachal में 75 रुपये बढ़े रसोई गैस सिलेंडर के दाम- अब 866 चुकाने होंगे
महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने देश में तेल, डीजल व रसोई गैस के बढ़ते मूल्यों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार (Modi Govt) ने अच्छे दिनों के जो सपने दिखाए थे वह आज कमर तोड़ती महंगाई के रूप में सामने आ गए है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आज देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट हो कर रह गई है। चंदेल ने कहा है कि बढ़ती महंगाई की वजह से विशेष कर गृहणियों का घर का बजट पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। चंदेल ने कहा है कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस प्रदेश में एक बड़ा सम्मेलन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके बाद सभी जिलों में बीजेपी (BJP) की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब चुप बैठने वाली नहीं हैं।