-
Advertisement
हिमाचल कांग्रेस विधायक दल की मीटिंगः कैबिनेट व रोडमैप को लेकर हो रहा मंथन
Last Updated on December 12, 2022 by saroj patrwal
हिमाचल कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शिमला स्थित सचिवालय में चल रही है। यह बैठक पार्टी की इंटरनल बैठक बताई जा रही है। इसमें कैबिनेट मंत्रियों के नामों पर मंथन होगा। साथ ही आगे के रोडमैप को लेकर भी चर्चा की जा रही। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक कर्नल धनीराम शांडिल के अलावा कुछ विधायक बैठक में भाग लेने के लिए सचिवालय नहीं पहुंचे है।
विधायक दल की इस बैठक में सीएम सभी विधायकों से काम को लेकर आगे के रोडमैप पर चर्चा कर रहे हैं। विधायकों से बात की जा रही है कि जिस काम के लिए लोगों ने उन्हें चुनकर भेजा है, उसमें किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाए। सब को मिलकर काम करना होगा। लोगों को उनसे काफी उम्मीदें हैं। हम सबको मिलकर उन उम्मीदों पर खरा उतरना है। इससे पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह व विधायक विक्रमादित्य सिंह सीएम को बधाई देने सचिवालय पहुंचे।
अधिकारियों व कर्मचारियों ने सीएम का स्वागत किया
हिमाचल प्रदेश के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का गर्मजोशी से स्वागत किया। सचिवालय के हजारों अधिकारियों व कर्मचारियों ने मुख्य द्वार पर पंक्तिबद्ध होकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को पद ग्रहण करने पर बधाई दी।
इसके उपरांत, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं संघ के सदस्यों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उनसे राज्य के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए नए उत्साह, समर्पण और प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार के लिए सुशासन आवश्यक है, इसलिए यह अधिकारियों का कर्तव्य बनता है कि वे अपना समय लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए समर्पित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन के जीवन में सुखद परिवर्तन लाने के लिए कार्य करें।डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, विधायक हर्षवर्धन चौहान, सीएमके राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, प्रधान सचिव सुभासीष पंडा सहित अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।