-
Advertisement
चार सीटें जीतकर उत्साहित कांग्रेस 19 को तैयार करेगी रोडमैप, जीतने वाले होंगे सम्मानित
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (Himachal Pradesh Congress Committee) ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों (Assembly Election) के लिए अपनी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में हुए चार उप चुनाव परिणामों से उत्साहित प्रदेश कांग्रेस अपने रोडमैप को अंतिम रूप देने में जुट गई है। इसकी रूपरेखा 19 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में होने वाली बैठक में तैयार कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: हार के बाद जागी सरकार, सीएम जयराम बोले, कोर्ट में लंबित मामलों से रूकी नियुक्तियां
19 नवंबर से सदस्यता अभियान की शुरुआत
19 नवंबर से देश की पूर्व पीएम स्व: इंदिरा गांधी की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपना सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला विशेष तौर पर शिरकत करते हुए इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान कांग्रेस के सभी विधायक, कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यसमिति के सभी सदस्य, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, सभी अग्रणी संगठनों के प्रमुख विभागों के प्रमुख उपस्थित रहेंगे।
प्रतिभा सिंह सहित तीनों नव निर्वाचित विधायक होंगे सम्मानित
प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने बताया कि हाल ही में मंडी संसदीय क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह, जुब्बल कोटखाई से चुनाव जीते कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर, अर्की से संजय अवस्थी व फतेहपुर से चुनाव जीते भवानी सिंह को उनकी जीत पर विधिवत रूप से प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। किमटा ने कहा कि हाल ही में हुए उप चुनावों में राजीव शुक्ला (Rajiv Shukla) के कुशल नेतृत्व व प्रबंधन से जिस प्रकार कांग्रेस ने अपनी जीत दर्ज की है, उसी तरह अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भी पार्टी की रणनीति और इसके रोडमैप के लिए शुक्ला बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
कामकाज की होगी समीक्षा
किमटा ने कहा कि इन उप चुनावों के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का जो रक्त संचार हुआ है उसी आधार पर कार्यकर्ताओं को भी प्रोत्साहित करते हुए उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के तहत पार्टी के प्रचार व प्रसार को अंतिम रूप देते हुए पार्टी पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा भी की जाएगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

