-
Advertisement

पहली अप्रैल, 2022 के बाद नए खुले या अपग्रेड किए संस्थान किए बंद
हिमाचल में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है उसके बाद से पूर्व सरकार द्वारा लिए गए फैसलों को निशाने पर रखा जा रहा है। प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने बागबानी विभाग और बिजली बोर्ड के बाद अब स्वास्थ्य विभाग में भी बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने राज्य की पूर्व जयराम सरकार द्वारा चुनाव के समीप खुले व अपग्रेड हुए स्वास्थ्य संस्थानों को बंद करने की घोषणा की है। इस संबंध में प्रधान सचिव स्वास्थ्य सुभाशीष पांडा ने अधिसूचना जारी कर दी है। इस अधिसूचना के अनुसार पहली अप्रैल, 2022 के बाद राज्य में नए खुले या अपग्रेड किए गए सभी स्वास्थ्य संस्थानों को डिनोटिफाई कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- सुक्खू कर रहे बदले की भावना से काम, दफ्तर बंद करने पर जाएंगे कोर्ट : जयराम ठाकुर
जाहिर है जयराम सरकार ने अपने अंतिम आठ माह में 25 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों को अपग्रेड किया गया था साथ ही कुछ स्वास्थ्य उपकेंद्र और पीएचसी भी खोले गए थे। इसमें 8 से ज्यादा संस्थान सीएचसी के रूप में अपग्रेड किए गए थे, लेकिन इन सभी को अब बंद कर दिया गया है। अब ये स्वास्थ्य संस्थान पूर्व की स्थिति में ही काम करेंगे। मालूम हो कि इन्हें अपग्रेड करने के लिए कोई नई भर्तियां भी नहीं की गई थीं। इसलिए स्टाफ को युक्तिकरण के जरिए पूर्व की स्थिति में ही इस्तेमाल किया जाएगा। इससे पहले सरकार ने चुनावी साल में प्रदेश में खोले गए बिजली बोर्ड के 32 दफ्तरों को डिनोटिफाई करने की अधिसूचना जारी की है। इसके तहत 3 सर्किल ऑफिस, 12 डिवीजन ऑफिस, 17 सब डिवीजन ऑफिस डिनोटिफाई किये गए हैं।