-
Advertisement

युवाओं को 1 मेगावाट तक सोलर प्रोजेक्ट्स पर मिलेगी 40% सब्सिडी: CM
लेखराज धरटा/ शिमला। हिमाचल सरकार राज्य के युवाओं को 100 किलोवाट से लेकर 1 मेगावाट तक की सोलर परियोजनाओं (Solar Projects) पर 40% सब्सिडी (Subsidy) देगी। इसके लिए जल्दी ही योजना शुरू की जाएगी। यह बात सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को धर्मशाला में कांग्रेस सेवा दल (Congress Sewa Dal) के शताब्दी वर्ष समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। CM ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस सेवादल पार्टी का अग्रणी संगठन है। सेवा दल के 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, जो सभी के लिए गर्व की बात है।
आर्थिक स्थिति 20 फीसदी सुधरी
CM ने कहा कि किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित करने के दृष्टिगत, दूध का उचित मूल्य प्रदान करने के लिए वर्तमान सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश सरकार के एक वर्ष के प्रयासों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था (Himachal Economy) में 20 प्रतिशत का सुधार आया है। पिछली बीजेपी सरकार ने चुनावी लाभ के लिए वर्ष 2022-23 में 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज लिया, जिसके कारण अब प्रत्येक हिमाचलवासी पर एक लाख रुपए से अधिक का कर्ज है।
कड़े फैसलों के निकलेंगे अच्छे नतीजे
CM ने कहा कि केंद्र सरकार (Central Govt) ने हिमाचल प्रदेश पर कई पाबंदियां लगाई और कर्ज की सीमा घटाकर 6600 करोड़ रुपए कर दी है। हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आज से पहले किसी भी सरकार ने नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नियमों में बदलाव कर व्यवस्था में परिवर्तन कर रही है और कड़े फैसले ले रही है, जिसके आने वाले समय में सुखद परिणाम सामने आयेंगे।