-
Advertisement
Himachal / Panchayatselections/ CM sukhu
हिमाचल में पंचायतों और जिला परिषद वार्डों का नए सिरे से पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन होगा साथ ही नई पंचायतें भी बनेंगी। प्रदेश सरकार ने इसका प्लान तैयार कर लिया है और इसी के चलते अप्रैल में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव करवाने की तैयारी है। ऐसे में जनवरी में पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने पर प्रशासकों की नियुक्ति की जाएगी। पंचायतों में पटवारी, कानूनगो और अध्यापकों को प्रशासक लगाने का विचार है। पंचायतीराज विभाग की ओर से जल्द पंचायतों और जिला परिषद वार्डों के पुनर्सीमांकन की अधिसूचना जारी की जाएगी। आप को बता दें कि यह मामला हाईकोर्ट में भी है, लेकिन प्रदेश सरकार अपनी तरफ से तैयारियों में लगी है। अधिसूचना जारी होने के बाद जिला उपायुक्त वार्डों के पुनर्सीमांकन में जुट जाएंगे। पंचायतीराज संस्थाओं की ओर से मतदाता सूचियों को तैयार किया जाना है। इसमें लोगों के आपत्ति और सुझाव के लिए भी समय दिया जाएगा। वार्डों का पुनर्सीमांकन होने के साथ हिमाचल में नई पंचायतें भी बनेंगी। जिला परिषद वार्डों की संख्या घट-बढ़ सकती है। नई पंचायतों के लिए कई आवेदन मिले हैं। कई पंचायतें ऐसी हैं, जो 20 साल से महिलाओं के लिए ही आरक्षित हैं। इसे भी सरकार गंभीरता से देख रही है। हिमाचल में वर्तमान में 3,577 पंचायतें हैं। पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन के चलते इनकी संख्या बढ़ सकती है। प्रदेश में 91 पंचायत समितियों सहित 250 जिला परिषद वार्डों में सदस्यों के चुनने के लिए चुनाव होने हैं।
