-
Advertisement
HPBOSE अध्यक्ष की परीक्षा केंद्रों पर औचक दबिश, डॉ. राजेश बोले -लापरवाही पर नपेंगे स्कूल अनुशासन से समझौता नहीं
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की चल रही परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने खुद कमान संभाल ली है। बुधवार को बोर्ड अध्यक्ष ने जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां क्षेत्र में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं के सफल संचालन और छात्रों के आंतरिक मूल्यांकन (INA) की फीडिंग में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित स्कूल प्रबंधन और अधिकारियों के विरुद्ध बोर्ड सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाएगा।
अनुशासन और सुरक्षा मानकों का अवलोकन किया
निरीक्षण के क्रम में डॉ. राजेश शर्मा ने राजकीय (बालक) वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नगरोटा बगवां और ईशान पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, समलोटी का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में बैठक व्यवस्था, अनुशासन और सुरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया। परीक्षा कक्षों में छात्रों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देते देख अध्यक्ष ने संतोष व्यक्त किया, साथ ही ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों और केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे बोर्ड द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को भयमुक्त और नकलविहीन वातावरण में संपन्न करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
INA फीडिंग में चूक पड़ी भारी, स्कूलों को अंतिम चेतावनी
आंतरिक मूल्यांकन (INA) फीडिंग को लेकर बोर्ड अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड की प्रणाली में INA फीडिंग की प्रक्रिया सभी स्कूलों के लिए लाइव कर दी गई है। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अंकों को दर्ज करते समय निर्धारित अधिकतम अंकों (Maximum Marks) का विशेष ध्यान रखें। डॉ. शर्मा ने चेतावनी दी कि INA फीडिंग में किसी भी प्रकार की त्रुटि या समयबद्धता की कमी पाए जाने पर संबंधित विद्यालय को बोर्ड की कार्रवाई का सामना करना होगा। किसी भी तकनीकी सहायता के लिए बोर्ड ने जमा दो कक्षा हेतु 01892-242139 और दसवीं कक्षा हेतु 01892-242149 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
बड़ी राहत: पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के परिणाम घोषित
बोर्ड अध्यक्ष ने सितंबर 2025 में आयोजित आठवीं, दसवीं और जमा दो (राज्य मुक्त विद्यालय) की परीक्षाओं के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण (Re-evaluation/Re-checking) का परिणाम भी घोषित कर दिया है। डॉ. शर्मा ने बताया कि संबंधित अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को परिणाम के संबंध में अतिरिक्त जानकारी चाहिए, तो वे पुनर्मूल्यांकन शाखा के नंबर 01892-242158 और पुनर्निरीक्षण शाखा के नंबर 01892-242122 पर संपर्क कर सकते हैं। बोर्ड का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं और परिणाम समय पर उपलब्ध करवाए जाएं।
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

