-
Advertisement
नए साल के जश्न के लिए हिमाचल पर्य़टकों से पैक, रात भर सेलिब्रेशन के खास इंतजाम
New Year Celebration: नए साल के जश्न के लिए पर्यटकों ने हिमाचल का रुख किया है….यूं कहें कि हिमाचल पूरी तरह पर्यटकों से भर चुका है। पहाड़ों की रानी शिमला सहित मनाली, धर्मशाला, कसौली, डलहौजी और नारकंडा में भारी तादाद में पर्यटक नया साल मनाने पहुंचे हैं। उधर मौसम भी मेहबान हुआ है उम्मीद है नए साल में पर्यटक बर्फ का दीदार कर पाएंगे। हालात यह हैं कि प्रदेश में रोजाना 20 से 25 हजार पर्यटक वाहन प्रवेश कर रहे हैं, जिससे कई इलाकों में ट्रैफिक दबाव भी बढ़ गया है।
शानदार अंदाज से न्यू ईयर की सेलिब्रेशन
प्रदेश के पर्य़टक स्थलों पर आज शानदार अंदाज से न्यू ईयर की सेलिब्रेशन होगी। शिमला, धर्मशाला , डलहौजी में रात 12 बजे तक टूरिस्ट विंटर कार्निवल में थिरकेंगे। पर्यटन नगरी मनाली में देर रात तक डीजे की धुनों पर जश्न व नाच-गाना चलेगा। आज रात में बड़े होटलों, रिसॉर्ट और कैफे में भी डीजे नाइट, लाइव म्यूजिक, बोनफायर और पार्टी चलेगी। धर्मशाला में रात 12 बजे विशेष आतिशबाजी की जाएगी। पर्यटन निगम और निजी होटल प्रबंधन की ओर से नए साल की पूर्व संध्या पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विंटर कार्निवल में तिब्बती संस्कृति, लोक संगीत, फूड स्टॉल और लाइव म्यूजिक पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए है।

मनाली में सबसे ज्यादा भीड़
मनाली की बात करें तो यहां पर सबसे ज्यादा भीड़ देखी जा सकती है। यहां के होटलों में 85 से 90 फीसदी कमरे बुक हो चुके है। शिमला, कसौली और डलहौजी में भी 65 से 75 फीसदी कमरे एडवांस बुक है।देर शाम तक इसके 90 प्रतिशत पहुंचने के लिए आसार है। डलहौजी में 25 दिसंबर से विंटर कार्निवल चल रहा है। यहां भी विंटर कार्निवल के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोक संगीत देर रात तक चलते रहेंगे।
माल रोड, रिज पर रौनक
राजधानी शिमला इन दिनों विंटर कार्निवल के जश्न के रंग में डूबी हुई है। माल रोड, रिज और चर्च क्षेत्र में रौनक देखते ही बन रही है। न्यू ईयर की पूर्व संध्या पर स्टार नाइट आयोजित होगी, जिसमें हिमाचली लोक कलाकारों के साथ-साथ प्रसिद्ध गायक और म्यूजिक बैंड प्रस्तुति देंगे। होटलों की बुकिंग 90 फीसदी से ज्यादा हो चुकी है, जबकि कई होम-स्टे और गेस्ट हाउस भी फुल चल रहे हैं। बिना बुकिंग पहुंचे सैलानियों को शहर से बाहर ठहरने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन ने यातायात, सुरक्षा और आपात सेवाओं को लेकर भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि सैलानी सुरक्षित और यादगार नए साल का आनंद उठा सकें।
संजू, रविंद्र
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
