-
Advertisement
रिकॉर्ड तैयार करने के लिए खुला कर्मचारी चयन आयोग के दफ्तर पर लगा ताला
हिमाचल कर्मचारी चयन आयोग के दफ्तर पर लगा ताला आज रिकॉर्ड तैयार करने के लिए खुला। 26 दिसंबर, 2022 से निलंबित और उसके बाद 21 फरवरी, 2023 से भंग किए गए चयन आयोग के दरवाजे पर लगे ताले को आज खोला गया। पिछले करीब 10 दिन से विजिलेंस को जांच से संबंधित रिकॉर्ड नहीं मिल पा रहा है, लेकिन अब सरकार से आदेश आए हैं। रिकॉर्ड को तैयार करने के लिए सरकार की ओर यहां तैनात किए गए एचएएस रैंक के ओएसडी ने संबंधित कर्मचारियों को बुलाया और ताला खोल कर अंदर रिकार्ड तैयार करना शुरू किया। हमीरपुर के तहसीलदार भी बतौर मजिस्ट्रेट रिकॉर्ड तैयार करने के समय मौजूद है।

रिकॉर्ड को तैयार करने के दौरान बाकायदा हो रही वीडियोग्राफी
ओएसडी, तहसीलदार और अधिकृत स्टाफ की मौजूदगी में रिकॉर्ड को तैयार करने के दौरान बाकायदा वीडियोग्राफी हो रही है। ताकि किसी भी तरह का कोई सवाल खड़ा ना हो। यहां से सारा रिकॉर्ड तैयार करने के बाद उसे विजिलेंस को भेजा जाएगा और उसके बाद संबंधित भंग आयोग के कार्यालय पर ताला लग जाएगा। जाहिर है कर्मचारी चयन आयोग में हुए गड़बड़ झाले की जांच कर रही विजिलेंस ने पिछले तकरीबन 10 दिन में रिकॉर्ड को लेकर 7 अलग-अलग आवेदन किए हैं। यह फाइल में पेंडिंग थे, लेकिन अब आज इनकी फाइल खुलेगी। उधर 60 से ज्यादा कर्मचारियों की फरवरी माह की पेंडिंग सैलरी का मामला अभी अनसुलझा है। इस पर सरकार ने कोई भी आदेश नहीं दिए हैं। कर्मचारियों को अभी इसके लिए इंतजार करना पड़ेगा और जिन कर्मचारियों को अभी बुलाया जाएगा, उन्हें भी सैलरी बाकियों के साथ कब मिलेगी? इस पर उहापोह वाली स्थिति बरकरार रहेगी।

अधिकृत किए गए अधिकारी व कर्मचारी गए हैं अंदर
सरकार ने ओएसडी से आयोग के पास अभी तक मौजूद वाहनों की सारी डिटेल मांगी है। किस-किस वाहन की कितनी देनदारी है। इन वाहनों को पर्सनल विभाग अपने साथ अटैच करेगा। इनकी भी आज से सूची तैयार होगी। योग के ओएसडी अनुपम ठाकुर का कहना है कि कुछ अधिकृत किए गए अधिकारी व कर्मचारी अंदर जा कर रिकार्ड तैयार करेंगे और संबंधित वांछित रिकॉर्ड वीडियोग्राफी के बीच तैयार होगा।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group
