-
Advertisement
चंडीगढ़ व पंचकूला में फंसे लोगों के लिए अच्छी खबर, हिमाचल भवन से चलेंगी HRTC बसें
चंडीगढ़/शिमला। चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में फंसे हिमाचली लोगों के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल (Himachal) वापस जाने वाले लोगों को एचआरटीसी की बसों से भेजा जाएगा। हिमाचल के अलग-अलग जिलों के अनुसार बसें हिमाचल भवन से रवाना होंगी। जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी राजीव कुमार, वीरेंद्र कालिया और एजीएम अनिल कपूर ने बताया कि चंडीगढ़, मोहाली व पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में फंसे लोग जो घर जाना चाहते हैं, उन्हें एचआरटीसी की बसों (HRTC Bus) में भेजने की व्यवस्था की जा रही है। लोगों को प्रारंभिक मेडिकल चेकअप के बाद पहले आओ पहले पाओ के आधार पर भेजा जाएगा।
किस जिला के लिए कब रवाना होंगी बसें
हिमाचल भवन से बसों को रवाना किया जाएगा। कांगड़ा, चंबा, ऊना, हमीरपुर के लिए तीन मई, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू, लाहुल स्पीति के लिए 4 मई को और शिमला, सोलन, किन्नौर व सिरमौर के लिए 5 मई को बसें रवाना होंगी। हिमाचल वापसी के इच्छुक लोगों को सुबह 6 बजे हिमाचल भवन (Himachal Bhawan) पहुंचना होगा। उन्हें अपने साथ आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र की फोटो कापी लानी होगी। मेडिकल चेकअप के बाद मेडिकल क्लेयरेंस के बाद ही बस में बैठने की अनुमति दी जाएगी। हिमाचल भवन में घर वापस जाने वालों को अपना नाम, पता, अस्थाई व स्थाई पता, आधार नंबर व मोबाइल नंबर लिखवाना जरूरी होगा। लोग पहले से ही तैयारी करके आएं।

