- Advertisement -
शिमला। अब प्रदेश में एचआरटीसी (HRTC) की वोल्वो बसों में लोगों को पांच से तीस प्रतिशत की छूट दी जा रही है। अब दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाले यात्री करीब सामान्य बसों के किराए के समान ही आराम का सफर कर पाएंगे। किराया बस में सीटों के हिसाब से लिया जाएगा। पहली बीस सीटों में कोई छूट नहीं दी जाएगी। यह छूट बीच में और पीछे वाली सीटों पर रखी गई है। निगम ने लोगों को राहत देने के लिए फ्लेक्सी फेयर योजना आरंभ कर दी है। इसमें केवल एक बीस नंबर की सीट पर पहले जैसा किराया लगेगा।
सीट नंबर 21, 24, 28 तक पांच प्रतिशत छूट होगी। इसी तरह 22, 23, 26, 27 सीट पर दस प्रतिशत छूट होगी। इसी प्रकार 29, 32, 33 सीट पर 15 प्रतिशत छूट रहेगी। इसके अतिरिक्त 30, 31, 34 सीट पर 20 प्रतिशत 35, 37 सीट पर 25 और 36 व 38 सीट पर 30 प्रतिशत छूट मिलेगी। वहीं पालमपुर या बीड़ से दिल्ली का किराया 30 फीसदी छूट के साथ 1480 के बजाय 998 रुपए प्रति सीट लगेगा। सामान्य बसों में दिल्ली का किराया 755 रुपए है। पालमपुर डिपो (Palampur Depot) के डिप्टी डिवीजनल मैनेजर पंकज चड्डा (Pankaj Chaddha) ने कहा कि अब पूरे प्रदेश में एचआरटीसी की वोल्वो बसों में लोग कम किराए में सफर कर सकते हैं। वहीं पठानकोट की ओर जाने वाली बसों में महिलाओं को अब पचास प्रतिशत छूट दी जाएगी। यह छूट नारी नमन योजना के तहत दी जा रही है। वहीं अब इस योजना से निजी वोल्वो बसों वालों को घाटा होने के आसार हैं। क्योंकि ये निजी बस संचालक कम किराए पर भी दिल्ली या चंडीगढ़ के लिए सवारियां ले जाते हैं।
- Advertisement -