-
Advertisement
सिरमौर में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, एसआईटी ने 4 आरोपियों को किया अरेस्ट
Sirmour Illegal Liquor Factory: नाहन। जिला सिरमौर के कालाअंब की एक फैक्ट्री में अवैध तरीके से उत्तराखंड की शराब बनाई जा रही थी। इस मामले में सिरमौर पुलिस की एसआईटी ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले एसआईटी ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। अब तक इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
कालाअंब में दर्ज करवाई थी शिकायत
4 मई को आबकारी विभाग जिला सिरमौर के उपायुक्त ने पुलिस थाना कालाअंब में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें कहा गया था कि मैनथापल में स्थित मैसर्ज त्रिलोक सन्स ब्रेवरी एंड डिस्टेलरी उद्योग में आधी रात को राज्यकर एवं आबकारी विभाग के एडिशनल कमिश्नर यूएस राणा के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया।
स्कॉर्पियो गाड़ी और ट्रक को कब्जे में लिया
पुलिस ने उक्त शिकायत पर पुलिस थाना कालाअंब में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने जिला के एएसपी योगेश रोल्टा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने आबकारी विभाग की टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से एक स्कॉर्पियो गाड़ी और एक ट्रक सहित महत्वपूर्ण साक्ष्यों और शराब को अपने कब्जे में लिया।
4 आरोपियों को गिरफ्तार किया
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि जांच के दौरान एसआईटी ने 6 मई को इस मामले में आरोपी अकाउंटेंट 36 वर्षीय गौरव वालिया निवासी गांव मिलक, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला, हरियाणा को गिरफ्तार किया। मामले में 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें गौरव कुमार(22) निवासी गांव मेहमदपुर, डाकघर रसूलपुर, तहसील बिलासपुर, हरियाणा, पवन कुमार (30 )निवासी गांव ब्याना खेड़ा, तहसील बरवाला, जिला हिसार हरियाणा, सुमित कुमार (30) निवासी गांव डुभल किशनपुरा, तहसील नकुड़, जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश और दीपक धईया (39) निवासी गांव नाहरा, तहसील व जिला सोनीपत, हरियाणा शामिल हैं। मामले में आगामी जांच के लिए चारों आरोपियों को अदालत से 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। इसके अलावा मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी हर संभव तलाश जारी है।
एचके पंडित
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
