-
Advertisement

राम मंदिर निर्माण की फर्जी रसीद तैयार कर लोगों से वसूले जा रहे पैसे, मामले दर्ज
नई दिल्ली। अयोध्या में होने वाले भव्य राम मंदिर (Ram Mandir) के निर्माण के लिए चंदा मांगने का काम शुरू हो गया है। इसमें लोग दिल खोलकर दान कर रहे हैं, लेकिन इसी बीच राम नाम पर अवैध रूप से चंदा वसूली के मामले भी सामने आने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला मुरादाबाद (Moradabad) में सामने आया। श्रीराम निर्माण निधि समर्पण समिति मुरादाबाद के अध्यक्ष ने थाना सिविल लाइंस में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर के लिए राष्ट्रपति कोविंद ने 5 लाख तो Morari Bapu ने दिए 11 करोड़, जानिए किसने दिया कितना दान
श्री राम मंदिर निधि समर्पण समिति मुरादाबाद के अध्यक्ष ओम प्रकाश शास्त्री समिति के मंत्री प्रभात गोयल के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी रोहन सक्सेना निवासी विजय नगर थाना कटघर, अमित अग्रवाल निवासी पुरानी तहसील के सामने कोतवाली, हर्ष वर्मा निवासी चौरासी घंटा थाना नागफनी और मनोज व्यास पूर्व कार्यकर्ता विश्व हिंदू परिषद के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में केस दर्ज कराया है। शिकायत (Complaint) में उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अयोध्या राम मंदिर निर्माण के मिलते-जुलते नाम से रसीद तैयार करवाकर लोगों से अवैध रूप से चंदा वसूलना शुरू कर दिया है।
उन्होंने बताया कि जब वह लोगों के पास समर्पण के लिए पहुंचे तो पता चला कि उनके पास से पहले ही कोई चंदा लेकर जा चुका है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी दर्वेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इससे पहले भी फर्जी रसीद (Fake receipt) छपवाकर राम मंदिर के नाम पर वसूली का केस मझोला थाने में दर्ज किया जा चुका है। 25 दिसंबर को मझोला थाने में बीजेपी के जिलाध्यक्ष राजपाल चौहान ने एक व्यक्ति के खिलाफ रसीद पर उनका और कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी का फोटो छपवाकर राम मंदिर के नाम पर चंदा लेने का केस दर्ज कराया था।