-
Advertisement
चंद्र कुमार और जगत नेगी पर भड़के जयराम, बोले- दोनों को कैबिनेट से बाहर करें सीएम सुक्खू
Jai Ram Thakur: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर हिमाचल प्रदेश में सियासत तेज़ हो गई है। जयराम ठाकुर ने कहा देश में जल्दी कुछ बड़ा होने वाला है। पाकिस्तान को अबकी बार ऐसा सबक मिलेगा, जिसे कभी नहीं भूलेगा। इसके साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ऐसे संकट के समय में भी कांग्रेस अपनी मानसिकता दिखा रही है। हिमाचल सरकार के दो मंत्री सैनिकों के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि इन मंत्रियों को कैबिनेट में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने सीएम सुक्खू और कांग्रेस नेतृत्व से दोनों मंत्रियों चंद्र कुमार और जगत सिंह नेगी को पद से हटाने की मांग की है।
कांग्रेस भारत नहीं पाकिस्तान के साथ
जयराम ठाकुर ने कहा कि पहलगाम में सुनियोजित ढंग से आतंकी हमले को अंजाम दिया गया। भारत इसका मुंहतोड़ जवाब देगा। मगर ऐसी संकट की घड़ी में भी कांग्रेस की मानसिकता स्पष्ट हो गई है। कांग्रेस के बयानों से लगता है कि वो भारत नहीं पाकिस्तान के साथ हैं। इसी बीच कांग्रेस की ओर से पीएम के बिना सिर वाली पोस्ट डाल दी गई। यह राहुल गांधी की सहमति के बिना होना संभव नहीं है। देश भर में कांग्रेस की इस पोस्ट को लेकर थू-थू हुई, तब पोस्ट हटा दी गई।
देश की एजेंसियों और सैनिकों के खिलाफ बयानबाजी
जयराम ठाकुर ने इस दौरान हिमाचल सरकार के दो मंत्री कृषि मंत्री चंद्र कुमार और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी पर भी हमला बोला। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के दो मंत्री देश की भावना के खिलाफ बयान दे रहे हैं। देश की एजेंसियों और सैनिकों के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। इन मंत्रियों को मंत्रिमंडल में रहने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए। जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू से इस मामले पर संज्ञान लेने की मांग की है. साथ ही सीएम और कांग्रेस नेतृत्व से दोनों मंत्रियों को पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय़ में नहीं आता कि ऐसे बयान देने के लिए इन मंत्रियों को अधिकृत किसने किया।
संजू चौधरी
