- Advertisement -
केलांग। हिमाचल (Himachal) में लगातार तेज धूप खिलने से लाहुल घाटी में जनजीवन सामान्य हो गया है, लेकिन हिमस्खलन ( Avalanche) की घटनाओं में कमी नहीं आई है। जिस्पा और दारचा के बीच जेमुग में हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन से जिस्पा दारचा सड़क (Jispa-Darcha Road) यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई है। बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) हिमस्खलन से अवरुद्ध सड़क को बहाल करने में जुटा हुआ है। सड़क बंद होने से दारचा पंचायत के लोगों की दिक्कत बढ़ गई है।
दूसरी ओर, रोहली (Rohli) के समीप अवरुद्ध सड़क पांच दिन बाद बहाल हो गई है। हालांकि बीआरओ (BRO) ने शुक्रवार को ही सड़क बहाल कर ली थी, लेकिन शनिवार को फिर से हिमस्खलन होने से सड़क बंद हो गई थी। बीआरओ इस सड़क को डबललेन (Doublelane) बनाने में जुटा हुआ है। वहीं, बीआरओ सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग बहाली में भी जुटा हुआ है। मनाली (Manali) की ओर से बीआरओ पटसेउ के समीप, जबकि सरचू से बारालाचा की ओर दो किलोमीटर आगे पहुंच गया है। बीआरओ प्राथमिकता पर मनाली-लेह मार्ग बहाल कर रहा है। मौसम सामान्य होते ही बीआरओ बारालाचा के साथ-साथ शिंकुला दर्रे की बहाली में भी जुट जाएगा। बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने बताया कि तांदी संसारी मार्ग बहाल कर लिया है। दारचा के पास हिमस्खलन होने से मार्ग बंद है जिसे बहाल किया जा रहा है। लेह.मार्ग बहाली को भी गति दी गई है।
- Advertisement -