-
Advertisement
मां दुर्गा ने 9 दिन तक किया था महिषासुर से युद्ध, जानें महानवमी का महत्व
Last Updated on September 16, 2022 by sintu kumar
हिंदू धर्म में नवरात्र (Navratri) का विशेष महत्व है। हर साल अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से नवरात्र की शुरुआत होती है। इन नवरात्रों को शारदीय नवरात्र के नाम से जाना जाता है। नवरात्र के दौरान नौ दिन मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। आज हम आपको बताएंगे कि इस बार कितने शारदीय नवरात्र हैं और महा अष्टमी और नवमी तिथि कब है।
यह भी पढ़ें:मां दुर्गा को अर्पित किया जाता है सिंदूर, नवरात्र में भेंट करें ये चीजें
बता दें कि इस साल 26 सितंबर से नवरात्र की शुरुआत हो रही है। इसके बाद 5 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन दुर्गा विसर्जन पर नवरात्र का समापन होगा। मान्यता है कि नवरात्र में मां दुर्गा भक्तों के बीच आती हैं और अपना आशीर्वाद देती हैं। नवरात्र के दौरान पूरे 9 दिन मां दुर्गा के 9 रूपों की उपासना की जाती है। इस दौरान माता के अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है और व्रत, पूजा-पाठ आदि किया जाता है। इसके बाद अष्टमी और नवमी तिथि पर कंजक पूजन करके व्रत पारण किया जाता है।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, नवरात्र के तिथि पक्ष का क्षय अशुभ माना जाता है। इस बार महाष्टमी का व्रत 3 अक्टूबर के दिन रखा जाएगा। इस दिन मां महागौरी की पूजा की जाती है। वहीं, नवमी 4 अक्टूबर को की जाएगी और इस दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा करने का विधान है। इसके बाद नवरात्रि के दसवें दिन यानी 5 अक्टूबर को मां दुर्गा का विसर्जन किया जाएगा।
जानें महानवमी का महत्व
कथाओं के अनुसार, राक्षसों के राजा महिषासुर के खिलाफ मां दुर्गा ने 9 दिन तक युद्ध किया था। इसलिए नवरात्र का उत्सव 9 दिन तक मनाया जाता है। वहीं, नवरात्र के अंतिम दिन यानी नवमी को मां दुर्गा ने बुराई पर जीत हासिल की थी, इसलिए इस दिन को महानवमी कहा जाता है।
ये हैं शारदीय नवरात्र की तिथियां
शारदीय नवरात्र का पहले दिन यानी 26 सितंबर को मां शैलपुत्री की पूजा, दूसरे दिन यानी 27 सितंबर को मां ब्रह्मचारिणी की पूजा, तीसरे दिन यानी 28 सितंबर को मां चंद्रघंटा की पूजा, चौथे दिन यानी 29 सितंबर को मां कुष्मांडा की पूजा, पांचवें दिन यानी 30 सितंबर को मां स्कंदमाता की पूजा, छठवां दिन यानी 1 अक्टूबर को मां कात्यायनी की पूजा, सातवें दिन यानी 2 अक्टूबर को मां कालरात्रि की पूजा, आठवें दिन यानी 3 अक्टूबर को मां महागौरी की पूजा, नवमें दिन यानी 4 अक्टूबर को मां सिद्धिदात्री की पूजा और दसवें दिन यानी 5 अक्टूबर को विजयदशमी यानी दशहरा है।