-
Advertisement
टमाटर उगाने वालों की बल्ले-बल्ले, यह किसान एक महीने में बना करोड़पति
मुंबई। टमाटर के दाम (Soaring Tomato Price) देशभर में जहां 200 रुपए प्रति किलो से भी ऊपर पहुंच गए हैं, वहीं टमाटर उगाने वाले किसानों (Tomato Grower Farmers) की इस समय बल्ले-बल्ले है। महाराष्ट्र के पुणे जिले में टमाटर की खेती करने वाले एक किसान तुकाराम भागोजी गायकर और उनके परिवार ने एक महीने में टमाटर की 13,000 क्रेट बेचकर 1.5 करोड़ रुपये से अधिक कमाए हैं। तुकाराम के पास 18 एकड़ कृषि भूमि है और 12 एकड़ भूमि पर वह अपने बेटे ईश्वर गायकर और बहू सोनाली की मदद से टमाटर की खेती करते हैं।
परिवार ने कहा कि वे अच्छी गुणवत्ता वाले टमाटर उगाते हैं। उर्वरकों और कीटनाशकों (Insecticides) के बारे में उनका ज्ञान उन्हें यह सुनिश्चित करने में मदद करता है कि उनकी फसल कीटों से सुरक्षित है। गायकर ने शुक्रवार को कुल 900 क्रेट बेचे, जिससे एक ही दिन में 18 लाख रुपये की कमाई हुई। पिछले महीने उन्होंने 1,000 से 2,400 रुपये प्रति क्रेट की कीमत पर टमाटर की बिक्री की। पुणे जिले के शहर जुन्नार में कई किसान टमाटर बेचकर करोड़पति बन गए हैं।
बाकी भी कर रहे हैं कमाई
तुकाराम की बहू सोनाली रोपण कटाई और पैकेजिंग जैसे कार्यों को संभालती हैं। उनका बेटा ईश्वर बिक्री, प्रबंधन और वित्तीय योजना का काम संभालता है। पिछले तीन महीनों की कड़ी मेहनत का अच्छा फल मिला है। उन्हें बाजार की अनुकूल परिस्थितियों का अनुभव हुआ है। कर्नाटक के कोलार के किसानों के एक परिवार ने इस सप्ताह टमाटर की 2,000 पेटियां बेचीं और 38 लाख रुपये लेकर घर लौटे।
