-
Advertisement

हिमाचल: रोहतांग सहित लाहुल की चोटियों पर हुआ ताजा हिमपात, जाने कब तक सताएगा मौसम
शिमला /धर्मशाला। हिमाचल में मानसून जाते जाते भी लोगों को रूला रहा है। अक्तूबर के महीने में मैदानों में हो रही भारी बारिश लोगों के लिए मुशिकलें लेकर आ रही है। वहीं ताजा पहाड़ों पर हिमपात होने से ठंड बढ़ने लग है। शनिवार को रोहतांग सहित मनाली और लाहुल की चोटियों पर हिमपात हुआ है। हालांकि राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने छह अक्तूबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 8 – 9 अक्तूबर तक प्रदेश से मानसून विदा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है। जिससे आने वाले दिनों में हल्की बारिश के आसार हैं।
बारिश से किसानों-बागवानों को हो रहा नुकसान
हिमाचल में मानसून (Monsoon) जाते जाते भी लोगों को खासा परेशान कर रहा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश (Rain) हो रही है। बारिश से किसानों-बागवानों को काफी नुकसान हो रहा है। आजकल मैदानी इलाकों में धान की फसल पक कर पूरी तरह से तैयार हो चुकी है। लेकिन बारिश के चलते किसान इसे काट नहीं पा रहे हैं। वहीं मौसम के बदलते तेवर से प्रदेश में ठंड भी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग (Meteorological Department) ने अगले दो दिन प्रदेश के अधिकतर भागों में बारिश की संभावना जताई है, जबकि चोटियों पर हिमपात हो सकता है।
यह भी पढ़ें:उत्तराखंड के चमोली में हुआ हिमस्खलन: 7 हजार मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ाई करने गए नौसेना के 5 जवान और एक पोर्टर लापता
बारिश व बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। केलंग से ज्यादा ठंड शुक्रवार को शिमला (Shimla) में दर्ज की गई। केलंग का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री, जबकि शिमला का 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में बारिश और भूस्खलन के कारण दो मकानों को नुकसान पहुंचा है और पांच सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। शुक्रवार को डलहौजी में 23 मिलीमीटर बारिश हुई। नालागढ़ के रामशहर में तीन, बैजनाथ में 1.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। ऊना जिला में मकानों को नुकसान पहुंचा, जबकि कुल्लू व मंडी में दो-दो और शिमला में एक सड़क यातायात के लिए बंद है।
बारिश से पठानकोट मंडी एनएच पर भाली में भूस्खलन
पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भाली के समीप शुक्रवार शाम को ल्हासा गिरने से यातायात बंद हो गया। ल्हासा गिरने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे वाहन चालकों सहित बसों से दूरदराज जाने वाली सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि जाम इतना लंबा था कि लोग अपने वाहनों को वापस भी नहीं मोड़ पाए। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी लगाकर मलबा हटाया और एक तरफ से वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाई।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…