-
Advertisement
केंद्रीय मंत्री गडकरी से मिले मुकेश व विक्रमादित्य सिंह, प्रदेश के लिए मांगा ये सब
Himachal News: हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की । दोनों ने केंद्रीय मंत्री प्रदेश के लिए कई मांगें रखी। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल में ऑल इंडिया टैक्सी परमिट की अवधि 12 से बढ़ाकर 15 साल करने का आग्रह किया। अन्य राज्यों में यह अवधि 15 साल है। इसे देखते हुए राज्य के टैक्सी ऑपरेटर भी लंबे समय से यह मांग उठा रहे थे। राज्य के परिवहन विभाग ने भी लिखित में केंद्र सरकार को इसे लेकर प्रस्ताव भेज रखा है।
टैक्सी परमिट की अवधि बढ़ाने का आग्रह
मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाया। इसमें कहा गया कि मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 59 तथा सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स, 1989 के नियम 82 के अनुसार राज्य परिवहन प्राधिकरण को वाहन की उम्र निर्धारित करने का कोई अधिकार नहीं है। वर्तमान में, मोटर कैब के लिए अधिकतम परमिट अवधि 9 वर्ष और अन्य वाहनों के लिए 8 वर्ष तय है। हालांकि, ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट रूल्स, 2023 के अंतर्गत टैक्सी/मैक्सी कैब/बस के लिए यह अवधि 12 वर्ष निर्धारित की गई है। मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि वह इस अवधि को 15 वर्ष तक बढ़ाने पर विचार करें। इससे सैकड़ों टैक्सी चालकों और ऑपरेटरों को राहत मिलेगी।
पुराने स्क्रैप वाहनों के लिए धनराशि जारी करने का आग्रह
डिप्टी सीएम ने राज्य में पुराने स्क्रैप वाहनों के लिए केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत शेष धनराशि जारी करने का आग्रह किया। इस योजना के तहत 15 साल पुराने वाले स्क्रेप करने पर केंद्र सरकार बजट देती है। मगर इस योजना में कुछ बजट केंद्र के पास लंबित है। ऊना में बन रहे बल्क ड्रग पार्क को जोड़ने वाली नंगल अजोली मोड से जेजों तक सड़क को नेशनल हाईवे घोषित करने का मामला भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठाया। उन्होंने इस सड़क के लिए 429 करोड़ की राशि मंजूर करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने अमृतसर से होशियारपुर फोरलेन ठऌ को बनखंडी से झलेड़ा तक फोरलेन करने की भी मांग रखी। अग्निहोत्री ने जेजों मोड से टाहलीवाल चौक बाया भाई जी का मोड तक तीन पुलों सहित सड़क के उन्नयन को लेकर 48.69 करोड स्वीकृत करने की मांग रखी।

ढली-रामपुर फोरलेन परियोजना को भी सैद्धांतिक मंजूरी
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से भूभुजोत सुरंग सहित घटासनी-शिल्हा-बधानी-भूभुजोत-कुल्लू सड़क को इसके सामरिक महत्व को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग रक्षा रसद की आवाजाही के लिए स्थिर संपर्क प्रदान करेगा और मार्ग को 55 किलोमीटर कम करेगा। लोक निर्माण मंत्री ने ढली से रामपुर तक एनएच-05 के चार लेन के निर्माण को प्राथमिकता पर लेने का भी अनुरोध किया। उन्होंने मौजूदा राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने का भी आग्रह किया।
ढली-रामपुर फोरलेन परियोजना को भी सैद्धांतिक मंजूरी
विक्रमादित्य सिंह ने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री गति शक्ति में 5 राष्ट्रीय राजमार्गों को शामिल करने का अनुरोध प्रस्तुत किया गया है और इसे मंजूरी देने का आग्रह किया। उन्होंने सीआरएफ के तहत 130 करोड़ रुपये की धनराशि को शीघ्र जारी करने का भी आग्रह किया और राज्य में सीआरएफ कार्यों की वार्षिक सीमा को बढ़ाकर 250 करोड़ रुपये करने का अनुरोध किया। नितिन गडकरी ने मांगों को सुना और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने ढली-रामपुर फोरलेन परियोजना को भी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी। लोक निर्माण विभाग के सचिव अभिषेक जैन भी मंत्री के साथ थे।
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
